May 22, 2026
WhatsApp Image 2025-09-10 at 14.29.09

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स10 सितम्बर 2025। 5 मतों से विजयी होकर अनुष्का बनी प्रधानमंत्री और गृहमंत्री बने मंगलाराम, पूरे मंत्रीमंडल का गठन हुआ और सभी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ये नजारा बुधवार को कस्बे के पीएमश्री राउमावि में नजर आया। जहां नागरिकता कौशल के तहत बुधवार को बाल संसद के लिए प्रधानमंत्री का निर्वाचन हुआ। प्रधानमंत्री के लिए अकरम, अनुष्का, चेतन, मंगलाराम एवं राधा ने नामांकन दाखिल किया तथा उन्हें क्रमशः कंप्यूटर सेट, श्याम पट्ट, पेन, बल्ला एवं कैलकुलेटर चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। 55 कक्षा प्रतिनिधियों ने अपने मतदान का उपयोग किया। कक्षा 10 की अनुष्का को 5 मतों से विजयी घोषित किया गया। निर्वाचन प्रभारी अधिकारी मदन लाल कड़वासरा के नेतृत्व में नामांकन, मतगणना आदि से सम्बन्धित समस्त कार्य विधिवत प्रक्रिया का अनुपालन करते पूर्ण किए गए। दीपक चौधरी के पर्यवेक्षण में सम्पन्न निर्वाचन एवं मतगणना के पश्चात प्रधानमंत्री ने मंगलाराम को गृहमंत्री, चेतन कुमार को शिक्षा मंत्री, अकरम काजी को खेल मंत्री, राधा को स्वास्थ्य मंत्री, वसुंधरा को सांस्कृतिक मंत्री तथा सुमित को जलदाय मंत्री मनोनीत किया। समस्त प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद मंत्री मंडल सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। रजनी पाटोदिया ने मंत्रिमंडल सदस्यों के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी तथा सोनल शर्मा ने निर्वाचन से सम्बन्धित अभिलेखन एवं मॉनिटरिंग का कार्य किया। प्राचार्य ममता गोयल ने मंत्री मंडल के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। अभिभावक प्रतिनिधि के रूप में मनीराम उपस्थित रहे।