






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 सितंबर 2025। क्षेत्र के कांग्रेसी नेता व जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू ने गुरूवार को जयपुर में कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा से मुलाकात की। भादू ने मीणा को ज्ञापन देते हुए श्रीडूंगरगढ़ अचंल में 2022 में नष्ट हुई रबी की फसल का आदान अनुदान से वंचित किसानों को सहायता राशि भुगतान करने की मांग की। भादू ने बताया कि 2025 में किसानों को सहायता राशि का भुगतान किया गया परंतु क्षेत्र में करीब 25 प्रतिशत पात्र किसान इससे वंचित रह गए थे। इन किसानों से 2024 में आवेदन भी लिए गए और राज्य सरकार ने सच्चाई का संज्ञान लेते हुए बजट भी स्वीकृत कर दिया। भादू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 27 जून 2025 को बिल भी जारी कर दिया परंतु राज्य सरकार द्वारा आज तक किसानों को भुगतान नहीं दिया गया है। भादू ने किसान वर्ग को शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की। कृषि मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




