






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2025। भारत देश ही नहीं दुनिया भर में अपराध के तरीके बदल रहें है। अब अपराधी साइबर क्राइम का प्रयोग कर रहें है। ये आज के युग के दानव है जो मानवता के दुश्मन है। आज जिस ढंग से साइबर क्राइम बढ रहा है, इससे बचने के लिए हर एक जने को जागरूक होना पड़ेगा। ये बात शिक्षा विभाग के पूर्व सहायक निदेशक व साइबर एंबेसडर पल्लव मुखर्जी ने कही। मुखर्जी ताल मैदान स्थित पीएम श्री राउमावि में शनिवार को यूथ एवं इको क्लब की ओर से आयोजित साइबर थ्रेड्स सिक्योरिटी अवेयरनेस एंड साइबर हाइजीन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला में बोल रहें थे। मुखर्जी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न वीडियो दिखाते हुए डीप फैक, डिजिटल लॉक के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों व बच्चों के संबंध भी और अधिक मजबूत किए जाने की बात कही। मुखर्जी ने फिशिंग, पहचान चोरी, रैंसमलेयर, मेलवेयर आदि साइबर अपराधों एवं इनसे बचाव, साइबर जासूसी, अज्ञात लिंक को क्लिक नहीं करना, ऑनलाइन पोर्टल, हेल्पलाइन, मजबूत पासवर्ड, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में रखी जाने वाली सावधानियां, साइबर पुलिसिंग, वेब कैंप को ढक कर रखना, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो अपलोड नहीं करना, आवश्यक अनुमति नहीं देना आदि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने वर्तमान में हो रही साइबर ठगी के बारे में वीडियो के माध्यम से उदाहरण दिए तथा पोर्टल, शिकायत नं, पुलिस को शिकायत करने आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की कोई भौतिक सीमा नहीं होती तथा डिजिटल अरेस्टिंग जैसी कोई भी व्यवस्था अभी तक लागू नहीं हुई है। वर्तमान आर्टिफिशियल इंटेलिजेसी के समय में आपके फोटो तथा आपकी डिजिटल सम्पत्ति किसी भी रूप में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी अप्रिय घटना होने पर आप घबराएं नहीं अपितु डटकर सामना करें तथा जहां इन जिस रूप में शिकायत की जा सकती है, करने को तत्पर रहें। कार्यक्रम में राबाउमावि की छात्राएं भी शामिल हुई और कार्यशाला में कुल 315 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला में शाला परिवार ने पल्लव मुखर्जी एवं श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की संपादक कपिला स्वामी का माल्यार्पण कर अंग वस्त्र एवं प्रतीक प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य ममता गोयल ,उपप्राचार्य बालाराम मेघवाल, दीपक चौधरी, सोमेंद्र बैंस, प्राध्यापक विमला, भंवरलाल स्वामी, शुभकरण बिस्सू, वरिष्ठ अध्यापक सुखाराम रैगर, एल ई पी शिक्षक पंकज गौड़, केशव आसोपा आदि विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की रही मौजूदगी, प्रश्नोत्तरी सत्र में पुरस्कृत किया विद्यार्थियों को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नेशनल इनफॉर्मेशन सेंटर, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी द्वारा संयुक्त रूप से प्रायोजित तथा श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यशाला में यूथ एवं इको क्लब प्रभारी डॉ राधाकिशन सोनी ने भी साइबर सिक्योरिटी के सम्बन्ध में जानकारी साझा की। कार्यशाला के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तरी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 विद्यार्थियों यूथ एवं इको क्लब की ओर से प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।









