






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2025। संगठन सृजन अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बीकानेर जिले में पर्यवेक्षक के रूप में लगाए गए राजेश लिलोठिया श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें एवं तेजा मंदिर धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए जिलाध्यक्ष नियुक्ति के लिए मन टटोला। इस दौरान लिलोठिया ने विचारधारा के लिए सर्मपित एवं संगठन मजबूती के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी में महत्व मिलने की बात कही। श्रीडूंगरगढ़ से कांग्रेस नेता एवं सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके विमल भाटी एवं वर्तमान पीसीसी महासचिव मूलाराम भादू ने जिलाध्यक्ष के लिए अपना आवेदन लिलोठिया को दिया। हालांकि इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रिय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वर्तमान जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग के नाम पर भी सहमति दर्शाई। बैठक में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम भादू, शहर अध्यक्ष ओमप्रकाश गुरावा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिलाध्यक्ष हरिराम बाना, कांग्रेस नेता हेतराम जाखड़, जिला महासचिव भगवाननाथ सिद्ध, पूर्व जिला सचिव पूनमचंद नैण, पूर्व प्रधान भागूराम सहू, राधेश्याम सारस्वत, सोहनलाल महिया, सहीराम गोदारा लोढ़ेरा, रामेश्वर डोटासरा, गोरधन खिलेरी, संतोष गोदारा, हरलाल बाना, राजेश मंडा, पूर्व सरपंच रेखाराम कालवा, श्रवण मदेरणा, ओमप्रकाश मेघवाल, धर्मपाल बांगडवा, अंजू पारख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बसपा प्रत्याशी को कुर्सी देने के बाद माहौल गर्माया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले में पर्यवेक्षक के रूप में आए राजेश लिलोठिया पहले बसपा नेता एवं कांग्रेस एसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके है। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से गत विधानसभा चुनावों में बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके राजेन्द्र मेघवाल से उनका पहले का सम्पर्क है। ऐसे में शुक्रवार को तेजा मंदिर में आयोजित बैठक में राजेश लिलोठिया ने राजेन्द्र मेघवाल को भी अपने बराबर कुर्सी पर बैठा लिया एवं कुर्सी कम होने के कारण ब्लॉक अध्यक्ष नीचे दरी पर बैठे थे। बैठक शुरू होने पर ब्लॉक अध्यक्षों को कुर्सी पर बैठने के लिए आमंत्रित किया गया तो कुर्सी खाली नहीं देख पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने सबके सामने ही राजेन्द्र मेघवाल को कुर्सी छोडने को कहा। राजेन्द्र मेघवाल के उठने से पहले ही पर्यवेक्षक लिलोठिया ने उन्हें बैठे रहने एवं अपनी स्वंय की कुर्सी देने की बात कही तो मौके पर माहौल गर्मा गया। हालांकि बाद में और कुर्सियां मंगवाई गई एवं सभी कुर्सियों पर बैठ गए। परंतु कई कार्यकर्ताओं ने गत चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी के सामने चुनाव लड़ कर पार्टी को हराने में अपनी भागीदारी निभाने वाले को कुर्सी पर बैठाने का विरोध भी दर्ज करवाया गया।
सिद्ध के विचारों को सराहा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक के दौरान क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने अपने अपने विचार रखे एवं इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ ब्लाक अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध ने भी अपने विचार व्यक्त किए। राधेश्याम ने अपने संबोधन में विस्तार से संगठन सृजन अभियान की गतिविधियों एवं उद्देश्यों के बारे में बताया एवं पर्यवेक्ष लिलोठिया ने भी उनके विचारों को सराहते हुए उनसे दुबारा विचार रखने को कहा एवं विशेष तालियां भी बजवाई। लिलोठिया ने अपने संबोधन में भी राधेश्याम के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को पार्टी में सक्रियता रखने का आह्वान किया।






