






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2025। रोशनी के त्योहार से पहले एक परिवार में अंधेरा छा गया और सड़क दुर्घटना में एक युवक ने अपने प्राण गवां दिए है। गुरूवार दोपहर करीब 2 बजे श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल हेमासर फांटे के निकट एक पिकअप की चपेट में आ गई। पिकअप पलट गई और बाइक सवार जाखासर निवासी ओमप्रकाश व उसकी पत्नी बालादेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी की एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश पुत्र मूलाराम नायक को मृत घोषित कर दिया। बालादेवी को बीकानेर रेफर कर दिया गया। बाइक से टकरा कर पिकअप भी पलट गई व पिकअप सवार दो जने मौके से भाग छुटे। एएसआई राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाइवे पेट्रोलिंग टीम की सहायता से बाइक व पिकअप दोनों को थाने पहुंचाया व मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों द्वारा शुक्रवार सुबह रिपोर्ट दी जाएगी व उसके बाद ही पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवा शव सुपुर्द किया जाएगा। परिजनों ने बताया कि युवक लंबे समय से परिवार सहित गांव ऊपनी में खेत काश्त लेकर रह रहा था। वहीं तीन नाबालिग बच्चों की जिम्मेदारी भी उसके कंधो पर थी। बच्चों की माता भी गंभीर घायल है और पीबीएम अस्प्ताल में भर्ती करवाया गया है।




