






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ में पहली बार समर्थन मूल्य खरीद के लिए पांच सरकारी केंद्र खुलेंगे जिससे किसानों को भीड़, लंबी लाइनों के बीच सहूलियत मिल सकेगी। सहकारी समिति ने 2025 की खरीद के लिए श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी में एक, शहरी क्षेत्र में दो और केंद्र सहित एक केंद्र जोधासर, एक केंद्र लिखमादेसर, एक सांवतसर खोलने की तैयारी कर ली है। गत वर्ष भी तीन व पांच केंद्रो की मांग किसान नेताओं ने की थी। इस बार क्षेत्र में मूंगफली उत्पादन और खरीद की अधिकता को देखते हुए विभाग ने सुधार के लिए ये बड़ा कदम उठाया है। ये ग्राम पंचायतें स्वयं भी मूंगफली उत्पादन के लिए प्रमुख स्थान है, वहीं इनके आस पास मूंगफली बेल्ट के किसानों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। इन केंद्रो पर मूंगफली खरीद की जाएगी जिससे खरीद का भार वितरण हो जाएगा जिससे क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी। वहीं गुरूवार को खुले टेंडर में हैंडलिंग और ट्रांसपोर्ट के लिए एक भी टेंडर सफल नहीं होने के बाद विभाग ने अब टेंडर प्रक्रिया दुबारा शुरू कर दी है। टेंडर अपलोड करने के लिए आज से 10 दिन विभाग ने दिए है और 29 अक्टूबर को पुन: टेंडर खुलेंगे। सहकारिता विभाग के निरीक्षक भीखासिंह ने बताया कि स्थानीय विधायक ताराचंद सारस्वत ने भी विभाग को पारदर्शी व सुचारू खरीद संपन्न करवाने के निर्देश दिए है। सिंह ने बताया कि पांच केंद्रो पर खरीद होगी और टोकन की संख्या व खरीद की लिमिट के बारे में अभी विभाग ने जानकारी नहीं दी है। वहीं राजफेड की गाइडलाइन के अनुसार व्यवस्थित खरीद करवाने के लिए विभाग पुरी तैयारी कर रहा है, जिससे किसानों को कोई दिक्कत ना हो।




