






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2025। दीपावली मनाने गांव से शहर गए और जब घर लौटकर परिवार आया तो बुरी तरह से मायूस हो गए। परिवारजन घर में घुसे तो हक्के बक्के रह गए। घर के ताले टूटे मिले, और चोरों ने अलमारी, संदूके और बेड खोल कर सामानों की तलाशी ली और सोने चांदी सहित नगदी पर हाथ साफ किया। सेरूणा थाना क्षेत्र में गांव टेऊ में विनोद कुमार मोदी के घर चोर घुसे और लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 33 वर्षीय सुमित कुमार मोदी पुत्र विनोद कुमार मोदी ने सेरूणा पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि 19 अक्टूबर 2025 को वे लोग बीकानेर चले गए। 21 अक्टूबर 2025 को बीकानेर से लौट कर आए तो घर के ताले टूटे हुए मिले। जब अपना सामान संभाला तो 1.5 भरी सोने की चैन, 3.5 भरी सोने का सेट, 3 अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स, सोने की चूडियां टूटी हुई 3 भरी, नाक के लूंग 4, चांदी की 7 जोड़ी पायल, टूट फुट के लिए रखी आधा किलो चांदी, चांदी का गिलास और प्याला 7 नग, 10-10 ग्राम के सिक्के सात आठ, नगदी 17 हजार रूपए, एक हाथघड़ी चोरी कर ले गए। परिवार ने 21 अक्टूबर को पुलिस को रिपोर्ट देकर चोरों को पकड़ने और सामान बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सत्यवीर को दी है।





