May 21, 2026
370148042_689041386616008_687116649849482737_n

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवंबर 2025। जिले से बड़ी खबर लूणकरनसर से बीकानेर की ओर आ रही साबरमती एक्सप्रेस में सोमवार सुबह सेना के एक जवान की हत्या कर दी गई। अज्ञात युवकों ने उस पर चाकूओं से हमला किया और गंभीर घायल कर दिया। उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में रेलवे पुलिस ने कुछ रेलवे अटेंडेंट और युवकों को हिरासत में लिया है। आरपीएफ थानाधिकारी आनन्द कुमार ने बताया कि साबरमती एक्सप्रेस में सेना का ये जवान जिगर कुमार चौधरी फिरोजपुर से रवाना हुआ था। उसे साबरमती पहुंचना था। रास्ते में लूणकरनसर और बीकानेर के बीच उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष आपसे में भिड़ गए। जिगर कुमार के शरीर पर चाकूओं से वार किया गया। जिससे काफी खून बह गया। उसे पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। मृतक चौधरी का शव मोर्चरी में रखा गया है। जहां परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतक के परिजनों को सूचना देनी होगी। झगड़ा करने वाले फरार हो गए लेकिन पुलिस ने रेलवे के कुछ संविदा अटेंडेंट को हिरासत में लिया है। इन युवकों से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि अटेंडेंट के साथ ही सेना के जवान का झगड़ा हुआ था। थानाधिकारी आनन्द कुमार ने बताया कि फिलहाल पूछताछ की जा रही है। चाकू किसने मारा, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहींहै और पुलिस जांच कर रही है।