






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवंबर 2025। रविवार को कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी पर मंदिरों व घरों में तुलसी विवाह पूजन के मंत्र गूंजते सुनाई दिए। व्रत उपवास के साथ तुलसी पूजन विवाह के आयोजन हुए। कई घरों में धूमधाम से विवाह विधि संपन्न करवाई गई। महिला वर्ग में आयोजनों को लेकर खासा उत्साह का माहौल छाया रहा। पुजारियों ने मंदिरों व कई घरों में पहुंच कर भगवान सालिग्राम से तुलसी का विवाह संपन्न करवाया। कई घरों में तुलसीजी का पुत्री की तरह विधि विवाह संपन्न करवाने के बड़े आयोजन किए गए। कालूबास में संत कुमार मोहता परिवार ने धूमधाम से तुलसी विवाह का आयोजन किया। यहां झंवरो के मंदिर से घोड़ी, बैंड बाजों के साथ सालिग्रामजी की बारात आई। आवभगत के साथ विवाह की परंपराएं संपन्न की गई। आड़सर बास में जगदीश प्रसाद स्वामी के घर धूमधाम से तुलसी विवाह का आयोजन हुआ। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए जिसमें भजन कीर्तन सहित अनेक आयोजन हुए। ऐसे स्थानों पर तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया गया। सालिग्राम जी का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। बाराती बने परिजनों ने खूब नाच गाना किया और तुलसी फेरे भी संपन्न करवाए गए। महिलाओं ने भजन कीर्तन के आयोजन किए।

















