






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 नवम्बर 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ, देखें फोटो भी।
1- प्रभात फेरी से हुआ राजस्थानी भाषा जन जागरण अभियान का शुभारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थली के बैनर तले राजस्थानी भाषा जन जागरण अभियान की शुरूआत शुक्रवार को क्षेत्र के गांव लिखमादेसर में हंसोजी महाराज के धाम से हुई। मरूभूमि शोध संस्थान सचिव श्याम महर्षि ने नई शिक्षा नीति के अनुसार राजस्थानी को मान्यता देने एवं इसी भाषा में ही प्राथमिक शिक्षा देने की स्वीकृति देने से शिक्षा स्तर में सुधार होने की बात कही। संयोजक रवि पुरोहित ने पेड़ों को सींचने के बजाए जड़ों को मजबूती देने की थ्योरी के अनुसार लोक जनमानस की भाषा में ही प्रांरभिक शिक्षा की जरूरत को स्पष्ट किया। अभियान की समन्वयक भगवती पारीक ‘मनु’ ने बताया कि शुक्रवार को लिखमादेसर, बिग्गा, सातलेरां, जैसलसर, अभयसिंहपुरा एवं शहरी क्षेत्र के बाल भारती विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरियां और रेलियां निकाली एवं राजस्थानी की मान्यता की आवाज को बुलंद किया। अभियान की शुरूआत पर हंसोजी धाम के सोमनाथ महाराज ने संस्कृति की रक्षा के लिए भाषा की मान्यता आवश्यक बताया। लिखमादेसर में धाम महंत भंवरनाथ ज्याणी के सान्निध्य में हंसोजी धाम से गणगौरी चौक तक रैली निकाली गई व रैली में गांव के युवा जनप्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, एमएससी अध्यक्ष लूणनाथ सिद्ध, शेरनाथ, शिक्षाविद लक्ष्मीकांत वर्मा और स्काउट गाइड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। 
2- अंता चुनावों में कांग्रेस की जीत पर बांटी मिठाईयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र अंता में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस की एकतरफा जीत से उत्साहित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने इस जीत को प्रदेश की जनता में राज्य सरकार के व्यापक भ्रष्टाचार से तंग आ जाने का प्रमाण बताया। बाना ने इस जीत का श्रेय कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा की कुशल रणनीति एवं पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना की जमीनी मेहनत को दिया। नेशनल हाईवे पर स्थित बाना के कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ता मोहसीन खान, राजपाल डेलू, राहुल वाल्मीकि, तालीम, अयूब काजी, अरबाज चौहान, सुरेश कुमार डेलू, श्याम सुंदर स्वामी आदि ने मिठाईयां बांटी एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
3- वार्ड 13 के निवासियों ने नई पाईपलाईन का किया विरोध, दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के बिग्गाबास में स्थित वार्ड 13 के निवासियों ने शुक्रवार को उपखण्ड़ अधिकारी एवं जलदाय विभाग के सहायक अभिंयता को ज्ञापन देकर एक ही गली में से तीसरी पेयजल सप्लाई लाईन निकालने का विरोध किया है। मोहल्लेवासियों ने ज्ञापन में बताया कि गलि के प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए मुख्य सप्लाई लाईन में से ही घरेलू सप्लाई के लिए एक ही गली में तीसरी लाईन निकाली जा रही है एवं इस कारण आगे की गलियों में प्रेशर नहीं रहेगा एवं बड़ी संख्या में मोहल्ले के घरों में पानी नहीं पहुंच पाएगा। मोहल्लेवासियों ने इसे तुंरत रूकवाने की मांग की है एवं ज्ञापन देने के दौरान मोहल्ले के लोगों के साथ महिलाएं भी मौजूद रही। मोहल्लेवासियों ने नहीं रूकवाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
4- बिग्गाबास में भी हो शमशान भूमि, अभी दूरी बन रही समस्या।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कसबे के बिग्गाबास के निवासियों ने शुक्रवार को विधायक ताराचंद सारस्वत से मुलाकात कर बिग्गाबास में सार्वजनिक हितार्थ सर्व समाज के लिए शमशान भूमि का आंवटन करवाने की मांग की है। मोहल्लेवासियों ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में शमशान भूमि कालूबास एवं आडसर बास में है एवं इस कारण बिग्गाबास के निवासियों को अंतिम यात्रा के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है एवं इस कारण मोहल्लेवासियों को खासी दिक्कतें आती है। ज्ञापन देने वालों में बिहारी लाल पटवारी, ख्यालीराम महावर, रवि कांत सैनी, मदन सोनी, राम सिंह राजपुरोहित, हिम्मत नाथ, रवि शंकर सांखला, श्रीभगवान पुजारी, घनश्याम गौड़, विक्की सैनी, अल्पेश कुमार, कृष्ण सिंह, बाबूलाल गौड़, राजेंद्र प्रसाद सिखवाल, रामा स्वामी, महेश राजोतिया, सीता राम सोनी, भरत, पवन इंदौरिया, महेंद्र प्रसाद स्वामी, छगन, रामचंद्र, गोपाल सिखवाल सहित बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग शामिल रहे। 
5- रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष, शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ में लगेगा विशेष शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे के सेवानिवृत कार्मिकों के लिए शनिवार को रेलवे द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में आयोजित होने वाले इस शिविर में सेवानिवृत पेंशनरों एवं पूर्व कार्मिकों की विधवा पेंशनरों के डिजिटल लाईफ सर्टिफिकेट बनेगें। इसके लिए सातवें वेतन आयोग का पीपीओ, पेंशनरों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं बैंक या आधार से लिंक मोबाईल नम्बर देने होगें।




