






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 नवंबर 2025। रविवार को पोलियो दिवस पर उपखंड क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान प्रारंभ हुआ। श्रीडूंगरगढ़ शहर में 30 व पूरे ब्लॉक में 157 बूथों पर आज पोलियो की दवा पिलाई गई। उपखंड क्षेत्र में 48627 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया जिसमें से 39087 बच्चों ने दवा गटकी। ये 80.38% लक्ष्य प्राप्ति रही। ग्रामीण अंचल में शहर से अधिक बच्चों को दवा पिलाई गई। श्रीडूंगरगढ़ शहर में 9322 का लक्ष्य था जिनमें 6266 बच्चों ने दवा पी, जो 67.22% रहा। ग्रामीण अचंल में विभाग ने 39305 का लक्ष्य रखा जिसमें से 32821 बच्चों ने दवा पी ली है। जो लक्ष्य का 83.50% रहा। अभियान की शुरूआत रविवार सुबह ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी ने उपजिला अस्पताल में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर की। इस दौरान डॉ कृष्ण कुमार व मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहा। सोमवार और मंगलवार को शेष रहा लक्ष्य पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा। डॉ सोनी ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान में सोमवार और मंगलवार को घर घर घुमकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच साल तक के हर बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक दिलवाना आवश्यक है। डॉ सोनी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग जागरूक होकर हर घर के हर बच्चे को पोलियों की दवा जरूर दिलवाए और बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करें।










