






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 नवम्बर 2025। प्रदेश भर में सरकारी समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद सोमवार 24 नवम्बर से शुरू होनी है। लेकिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के 6 सेंटरों में से केवल 1 पर सोमवार को खरीद शुरू हो पाएगी। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में उपखंड मुख्यालय पर 3 सेंटर एवं गांव लिखमादेसर, जोधासर व सांवतसर में खरीद केंद्र बनाए गए है। जिनमे से केवल सांवतसर में ही सोमवार को खरीद शुरू हो पाएगी। इनके अलावा सभी पांचों केंद्रों पर किसानों को बुधवार को मूंगफली लेकर आने को कहा गया है। खरीद के पहले सप्ताह सभी केंद्रों पर प्रतिदिन 20 किसानो को टोकन जारी किये गए है। ऐसे में सोमवार, मंगलवार के टोकन भी बुधवार से ही तुलने शुरू होंगे और सप्ताह अंत तक शुक्रवार तक के सभी टोकन तोल लिए जाएंगे। श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति के भीकासिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह से प्रतिदिन एक केंद्र पर टोकनों की संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ा ली जाएगी। भीकासिंह ने बताया कि इस बार मंडी में तुलवाई नही हो रही है व इस कारण नई जगह पर पक्की पिड़ के बजाय मिट्टी का मैदान है। ऐसे में किसानों से अपना तिरपाल साथ लेकर आने, नियमानुसार माल साफ करके लेकर आने, टोकन एंव अन्य दस्तावेज साथ लेकर आने को कहा गया है। साथ ही अगर किसी ने फर्जी व गलत दस्तावेजों के सहारे तुलवाई करवा भी ली तो उसका भुगतान रोक लिया जाएगा।



