May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 दिसंबर 2025। क्षेत्र के लोग कई दशकों से नहरी पानी का सपना देख रहें है और ये सपना अब पूरा होने की दिशा में कदम बढ़ा दिया गया है। लंबे समय से इस पर कार्य हो रहा था और मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा के साथ लोगों को ये सौगात दी गई है। एक्सईएन कार्यालय के का गठन के साथ ही इस कार्य को गति दी गई। मंगलवार दोपहर विधायक लोक सेवा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत व विभागीय अधिकारियों ने इस बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। क्षेत्र के 108 गांवों, ढाणियों व श्रीडूंगरगढ़ शहरी क्षेत्र के लिए 663 करोड़ की ऐतिहासिक पेयजल परियोजना को धरातल पर उतारते हुए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। सारस्वत ने बताया कि कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 285 करोड़ की लागत से 1916 एमएल का रॉ वाटर डैम निर्माण, 1865 केएलएच क्षमता का फिल्टर प्लांट, कंवरसेन लिफ्ट कैनाल से 40 क्यूसेक पानी प्राप्त करने की सुविधा होगी। दूसरे चरण में 372 करोड़ की लागत से 44 उच्च जलाशयों, 15 स्वच्छ जलाशयों का निर्माण, 14 पंपिंग स्टेशनों की स्थापना, नहरबंदी के समय 30 दिन का पानी सुरक्षित रखने हेतु पर्याप्त स्टोरेज क्षमता का कार्य पूरा किया जाएगा। ये कार्य 20 माह में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। विदित रहें क्षेत्र में भूजल स्तर चिंताजनक स्तर तक नीचे चला गया है, ऐसे में नहरी पानी की मांग भी उठने लगी थी। विधायक सारस्वत ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने हर घर पेयजल पहुंचाने का वादा किया, जिसे विधानसभा सत्र के दौरान पूरजोर ढंग से उठाते हुए गांव खाली हो जाएंगे की चेतावनी के साथ सरकार के सामने रखा। सारस्वत ने भाजपा सरकार व सीएम भजनलाल शर्मा, जल मंत्री कन्हैयालाल का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने मामले में संवेदनशीतला दिखाते हुए उनकी मांग को सुना और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा मिलकर इसे पूरा किए जाने का कार्य किया गया है। सारस्वत ने डबल इंजन सरकार की सराहना की और क्षेत्र की जनता की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बड़ी मांग पर ध्यान देकर कार्य प्रारंभ करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास शुरू हो गए है। इस दौरासन पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व नेता इस दौरान मौजूद रहें। शर्मा ने क्षेत्र की जनता की ओर से विधायक सारस्वत का आभार जताते हुए उन्हें क्षेत्र का भागीरथ बताया। शर्मा ने कहा कि बरसों से नहरी पानी की आस लगाए बैठे लोगों का सपना विधायक के सतत प्रयासों से अब जाकर पूरा हो सकेगा। डेलवां के भाजपा कार्यकर्ता सीताराम सोनी ने बताया कि दशकों का इंतजार पूरा होगा और ये परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। देहात मंडल अध्यक्ष महेंद्रसिंह, मोमासर मंडल अध्यक्ष नरेश मोट ने विधायक व सरकार का आभार जताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी इस कार्य को याद करेगी।