






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2026। पंजाब व नहरी क्षेत्र के युवाओं को बर्बाद करने के बाद घातक रासायनिक नशा एमडी श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी तेजी से पांव पसार रहा है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ में हाल ही में पदस्थापित हुए थानाधिकारी कश्यप सिंह द्वारा इसके खिलाफ मुहिम भी चलाई हुई है। इसी मुहिम में बुधवार रात को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के तीन युवकों को 30 ग्राम एमडी पाउडर के साथ गिरफ्तार किया गया। सब इंस्पेक्टर मोहनलाल की अगुवाई पुलिस दल ने बुधवार देर रात नेशनल हाइवे पर हेमासर बेनीसर के बीच मे स्थित कप्तान होटल पर दबिश दी एंव वहां से श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के बिग्गाबास निवासी 21 वर्षीय मयंक शर्मा, पूनरासर निवासी 25 वर्षीय नारायणनाथ सिद्ध एंव कस्बे के वार्ड 14 निवासी 24 वर्षीय रविशंकर जांगिड़ को 30 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है जिसकी जांच थानाधिकारी स्वंय करेंगे। पुलिस ने आरोपियों से एक गाड़ी भी सीज की है। विदित रहे कि क्षेत्र के युवाओं को इस नशे के दलदल में फंसते देख क्षेत्रवासी चिंतित है एंव अभिभावकों को भी अपने युवा होते बच्चों पर अतिरिक्त संवाद की आवश्यकता है। इन तीन युवकों में नशेड़ी एवं सप्लाई दोनों के काम करने की बात सामने आ रही है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।



