






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जनवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में परिवारों की सुख शांति दहेज दानव की भेंट चढ़ रहे है। मंगलवार रात्रि कस्बे की एक बेटी द्वारा अपने पति के खिलाफ दर्ज करवाए गए दहेज प्रताड़ना के मामले के बाद बुधवार सुबह दो और बेटियां अपने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची एवं अपने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना देकर घर से निकालने, स्त्रीधन हड़पने का आरोप लगाते हुए मुकदमें दर्ज करवाए है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया किए एक मामले में गांव सुरजनसर की निवासी माया जाट ने गांव कुंतासर निवासी अपने पति महावीर, ससुर भंवरलाल एवं ननद विमलादेवी के खिलाफ दर्ज करवाए मामले में बताया कि उसका विवाह करीब चार वर्ष पूर्व हुआ था एवं आरोपी तभी से कम दहेज देने का आरोप लगाते हुए उसे तंग परेशान करने लगे। दो वर्ष पूर्व उसके बेटी हुई तो बेटी को जन्म देने वाली अपशगुनी बताते हुए क्रूरता और अधिक बढ़ गई। आरोपियों ने गत 1 जनवरी 2021 को उसे पीट कर दो वर्ष की बेटी के साथ घर से निकाल दिया। इस पर उसके पिता उसके ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने पिता के साथ भी मारपीट की। इस मामले की जांच थानाधिकारी वेदपाल शिवराण करेगें। इसी प्रकार एक दुसरे मामले में गांव मोमासर निवासी पूजा लूहार ने नापासर निवासी अपने पति लालचंद, ससुर सोहनराम, सास मैनादेवी, ननद कमला, संतोष, ननदोई भागीरथ एवं ननद के बेटे पवन के खिलाफ दर्ज करवाए गए मामले में पुलिस को बताया कि उसका विवाह 14 जूलाई 2016 को हुआ था एवं तभी से आरोपी उसे तंग परेशान करने लगे और गत 6 दिसम्बर को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इस मामले की जांच एसआई लालबहादुर को दी गई है।



