





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 मई 2026। पिता द्वारा सड़क के लिए छोड़ी गई जमीन पर गांव के ही पांच जनों द्वारा कब्जा करने का प्रयास करने के आरोप में जरिए इस्तगासा मामला थाने में दर्ज हुआ है। मामले की जांच एएसआई देवाराम ने शुरू कर दी है।
गांव ऊपनी निवासी 55 वर्षीय श्रीरामनाथ पुत्र हुकमनाथ सिद्ध ने इसी गांव के चैनाराम पुत्र गणेशाराम, तोलाराम पुत्र उदाराम, परमान पुत्र गणेशाराम, परमान का पुत्र बजरंग, सुखराम पुत्र चैनाराम जाट के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसकी खातेदारी हिस्सा पांति की भूमि ऊपनी की रोही में स्थित है। जिसमें से उसके पिता ने अपनी इच्छा से सड़क के लिए दान किया था। इस भूमि पर पक्की रोड बनने के बाद ग्राम पंचायत द्वारा दोनों साइडों में ब्लॉक भी लगए गए व रास्ते के उत्तरी तरफ एक पानी की खेल भी बनाई गई थी। इस रास्ते के उत्तर की ओर आरोपियों ने गैरकानूनी धर्मकांटा लगा रखा है। आरोपियों ने मनमर्जी से काश्त भूमि की किस्म परिवर्तन कर दी है। परिवादी की खातेदारी भूमि और आरोपीगण की भूमि पहले मौका पर एकल थी। जिसे उसके पिता ने आरोपी चैनाराम, तोलाराम व परमान आदि को विक्रय की थी। इस बेचान की गई भूमि की आड़ में 1 फरवरी 2026 की सुबह 10 बजे सी आरोपी एकराय होकर आए व सड़क रास्ता भूमि पर नाजायज रूप से कब्जा करने की कोशिश करने लगे। उत्तरी ओर बनी खेल पर भी कब्जा कर नींव खोदने लगे और ब्लॉक भी चोरी कर लिए। जब परिवादी ने कब्जा करने से मना किया तो आरोपी उसे मारने के लिए पीछे दौड़े।





