


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अगस्त 2026। नगरपालिका चुनाव में पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल करने का आज सोमवार को अंतिम दिन है। अंतिम दिन चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदारों की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। भाजपा-कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के अंतिम दिन संभावित भीड़ और राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने भी पूरी तैयारियां कर ली हैं। नामांकन के अंतिम दिन उपखंड कार्यालय के आसपास सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहने की संभावना है। प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक भी पहुंचेंगे, जिसके चलते कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में भीड़ बढ़ सकती है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात करने के साथ ही अतिरिक्त कार्मिकों की व्यवस्था की है।
तीन बजे तक चैनल गेट के अंदर पहुंचना जरूरी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रशासन ने नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्था तय की है। दोपहर 3 बजे तक उपखंड कार्यालय के चैनल गेट के अंदर प्रवेश कर चुके प्रत्याशियों के नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद नए प्रत्याशियों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। निर्धारित समय तक परिसर में प्रवेश कर चुके प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर पर्चे जमा करवाने का काम देर रात तक चल सकता है। वार्ड 1 से 20 तक के प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के समक्ष जमा करवाएंगे, जबकि वार्ड 21 से 40 तक के प्रत्याशी तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगे।
माकपा करेगी रैली के साथ नामाकंन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नामांकन के अंतिम दिन माकपा भी रैली के माध्यम से अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी। पार्टी के पार्षद प्रत्याशी गौरव पथ स्थित माकपा कार्यालय से रैली के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया प्रत्याशियों के साथ रैली में शामिल होंगे। माकपा कार्यालय से शुरू होने वाली रैली मुख्य बाजार और घूमचक्कर होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचेगी। इस दौरान पार्टी की ओर से बदलाव का नारा बुलंद किया जाएगा। चुनाव प्रभारी कॉमरेड अशोक शर्मा ने पार्टी के प्रत्याशियों को सूचना देकर कार्यालय बुलाया है। नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में पर्चे दाखिल होने के साथ ही नगरपालिका चुनाव का सियासी माहौल और गर्माने के आसार हैं। अब तक टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों और निर्दलीय प्रत्याशियों की स्थिति सामने आने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी स्पष्ट होने लगेगी।
नगरपालिका चुनाव की हर एक अपडेट के लिए जुडे रहें श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ







