August 30, 2026
WhatsApp Image 2026-08-30 at 19.30.11

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2026। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान के तत्वावधान में रविवार को श्रीडूंगरगढ़ के संस्कृति भवन में साधारण सभा आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के बाद श्रीडूंगरगढ़ खंड की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें मनोज कुमार लखारा को अध्यक्ष, किशोरसिंह राजपुरोहित को मंत्री, हरिहर नारायण को कोषाध्यक्ष तथा पूर्णचंद प्रजापत को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया तथा संगठन को मजबूत बनाने एवं शिक्षक हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही। बैठक में जिला पर्यवेक्षक दयाशंकर शर्मा एवं सुरेश कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार सोनी सहित खंड के दायित्ववान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। साधारण सभा में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं की समय पर उपस्थिति, ‘शिक्षक संदेश’ की सदस्यता, प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप संगठनात्मक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने तथा खंड स्तरीय बैठकों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में शैक्षिक एवं संगठनात्मक विषयों पर सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान प्रेमचंद शर्मा, नेमीचंद मारू, भैरुदान सारण, बनवारीलाल प्रजापत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।