September 5, 2026
01

महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बाना में शिक्षक दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बाना में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान कृष्ण भोज एवं बाल वाटिका में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं का जन्मदिवस भी मनाया गया। वहीं सत्र 2022 से 2025-26 तक कक्षा में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय के अध्यापक पुखराज पारीक की ओर से पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा VIII में ए ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मार्ट रिस्ट वॉच प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में भेंट की गई। विद्यालय से स्थानांतरित हुए कार्मिकवरिष्ठ अध्यापक भीवाराम सुथार एवं वरिष्ठ अध्यापक संजय कुमार को भी विदाई दी गई तथा दोनों कार्मिकों ने कक्षा IV से X तक के विद्यार्थियों को एक-एक वाटर बोतल प्रदान की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आदरणीय डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कविता, गायन सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय के संस्थाप्रधान भंवरलाल नायक, मुखराम बाना, संजीत सिंह, डालूराम मेघवाल, जितेन्द्र सिंह, नवेदिता, सरिता, प्रतिभा कुमारी आदि ने भी अपने विचार रखे। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान से विद्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बाना

लैंग्वेज ट्री इंग्लिश अकैडमी में धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस, विद्यार्थियों ने अपने अंदाज में किया शिक्षकों का सम्मान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकैडमी में शिक्षक दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एकैडमी को आकर्षक ढंग से सजाया और अपने गुरुजनों के सम्मान में विशेष आयोजन किया। बच्चों ने शिक्षकों से केक कटवाकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं और उनके प्रति सम्मान व आभार व्यक्त किया। एकैडमी संचालक ओमप्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ उनके भीतर आत्मविश्वास और संस्कारों का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह नजर आया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकैडमी

AG मिशन स्कूल में उत्साह से मनाया शिक्षक दिवस, खेल गतिविधियों में शिक्षकों ने लिया हिस्सा,विद्यार्थियों ने संभाली आयोजन की कमान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के एजी मिशन स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें प्राचार्य रजनीश कौशिक एवं वाइस प्रिंसिपल सुनीता कौशिक ने भी हिस्सा लिया। वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से समस्त स्टाफ को उपहार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस पर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने संभाली। छात्र-छात्राएं शिक्षकों की वेशभूषा में नजर आए और शिक्षकों की भूमिकाएं निभाते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया। इस दौरान बेस्ट टीचर अवार्ड दिव्या वाधवानी तथा बेस्ट ऑफिशियल वर्क अवार्ड सुमन जैन को प्रदान किया गया। प्राचार्य रजनीश कौशिक ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एजी मिशन स्कूल

भारती निकेतन में उत्साह से मनाया शिक्षक दिवस, विद्यार्थियों ने शिक्षकों से कटवाया केक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारती निकेतन विद्यालय में शिक्षक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनसे केक कटवाया और साथ मिलकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को खास बनाया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर प्राचार्य सत्यनारायण स्वामी, सीईओ मनमोहन शर्मा, सीमा मेम, ओमप्रकाश राजपुरोहित सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारती निकेतन विद्यालय

जे पी एस स्कूल में शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया याद
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जयपुर पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए और शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्य कुंभाराम घिंटाला ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को याद करते हुए शिक्षकों को उनके कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जे पी एस स्कूल