






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव सोनियासर मिठिया के सरपंच नंदलाल बिहाणी ने आज एक नई मिसाल प्रस्तुत करते हुए सैंकड़ो ग्रामीणों के साथ जोहड़ पायतन से झाड़ झंखाड़ हटा कर साफ सफाई करने में श्रमदान किया। गांव के युवा भंवरलाल जोशी ने बताया कि गांव में बेसहारा गौवंश के लिए आज सरपंच की अगुवाई में ग्रामीणों, युवाओं व गांव के मनरेगा श्रमिकों ने पूरा इलाका साफ सुथरा किया। बिहाणी ने टाइम्स को बताया कि इससे गांव के जोहड़ में बरसात का पानी भी आ सकेगा तथा झाड़ झंखाड़ से परेशान पशु भी आराम से विचरण कर सकेंगे। बिहाणी ने कहा कि सभी गांवो में गोचर व जोहड़ की जमीन भूमाफियाओं के हत्थे चढ़ रही है। ऐसे में गांव की जोहड़ पायतन की सुरक्षा के लिए भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी समय में युवाओं के श्रमदान से ही यहां अच्छे पेड़ लगा कर उन्हें संरक्षित करने के प्रयास भी किए जाएंगे जिससे गांव हरा भरा हो सके।






