श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में जमकर बरसे बादल, खेतों में उदास खड़ा बाजरा लहरा उठा।







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितंबर 2021। क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है और ठंडी हवाओं के साथ बरसात हो रही है। कस्बे में भी घटाऐं बरसने लगी है और बाजार में जगह जगह पानी भर गया है। आज गांव मोमासर, ऊपनी, धोलिया, उदरासर, सांवतसर, लिखमीसर उत्तरादा, दुसारणा में जोरदार बरसात जारी है। गांव धोलिया में 20 से 25 इंच बरसात की सूचनाएं आ रही है। गांव जेतासर में भी मध्यम बरसात से माहौल खुशनुमा हो गया है। किसान उत्साहित है और भादवे में मोती बरसने की बात कह रहें है। गांवो में इंद्र देव की कहाड़ी निकालने की घोषणाऐं घरों में हो रही है वहीं कस्बे में घरों में पकोड़े बनाने की तैयारियां प्रारम्भ हो गई है। कृषि कुओं पर माहौल प्रसन्नता का है और बारानी में भी जहां पूर्व में अच्छी बरसात हुई थी वहां शीघ्र ही बारानी खेतों से सब्जियों के प्रारम्भ होने कि बात बताते हुए किसान खुशी से सराबोर है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में पूर्वी भाग में भारी बरसात के साथ ही पश्चिमी भाग में बरसात के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जालोर,बाड़मेर, पाली में जोरदार बरसात का अनुमान है वही बीकानेर, चुरू में मध्यम बरसात की संभावनाएं बताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार देश के पहाड़ी इलाकों में सितंबर में जमकर बादलों के बरसने की उम्मीद है और विभाग ने अब तक रही बरसात की कमी पूरी होने की बात भी कही है।













