May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 सितम्बर 2021। आत्मा में अनंत शक्तियां है। जितने भी महापुरुष बने है वे सब स्वयं के बल पर महान बने है। जन्म से कोई महान नहीं होता है। यह प्रेरणादायी उद्बोधन मालू भवन में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित जीवन विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में शासनश्री साध्वी बसंतप्रभा ने प्रदान किया। साध्वीश्री ने धर्मसभा में प्रवचन देते हुए कहा कि व्यक्ति का बौद्धिक, मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास हो तो एक संतुलित विकास हो सकता है। साध्वी गुप्तिप्रभा ने कहा कि जीने की कला नहीं है तो जीवन कितना सार्थक होगा। साध्वी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मिक विकास तक पहुंचने के लिए चरित्र माध्यम बनता है। साध्वी संकल्पश्री ने उपस्थित जनमेदनी को संबोधित करते हुए कहा कि श्वास के प्रयोग से व्यक्ति अपना जीवन सुव्यवस्थित कर सकता है। साध्वी कल्पमाला, साध्वी मौलिकयशा, साध्वी रोहितयशा, साध्वी भाविकयशा द्वारा सामूहिक गीतिका ” शिक्षा का नव अभियान हो” का संगान किया। साध्वी भाविकयशा ने उपस्थित विद्यार्थियों को उनके रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाले प्रयोग करवाए । अणुव्रत समिति के अध्यक्ष विजयराज सेठिया ने स्वागत वक्तव्य में जीवन विज्ञान दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। आज के कार्यक्रम में ब्राइट फ्यूचर स्कूल और संस्कार इन्नोवेटिव पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चारित्र आत्माओं के सान्निध्य में जीवन को उत्कृष्ट बनाने के गुर सीखे। सोमवार को कार्यक्रम का संयोजन संगठन मंत्री राजू हिरावत ने किया एवं सप्ताह के तहत मंगलवार को अणुव्रत प्रेरणा दिवस मालू भवन में आयोजित होगा।