






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 नवम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ पूरे अंचल में उत्साह व उल्लास के साथ गुरुवार रात दीपोत्सव मनाया गया। बाजार, मोहल्ले, घर सहित घुमचक्कर सर्किल, पुराना व नया पालिका भवन रंग बिरंगी रोशनी से जगमगाते नजर आए। कस्बे में सारी रात खूब पटाखे फोड़े गए और पटाखों की गूंज से कस्बा सुबह तक गूंजता रहा। गुरुवार को पटाखों की जमकर खरीदारी हुई और रात होते होते बाजार में अधिकांश पटाखा विक्रेताओं के पास पटाखें समाप्त हो गए। घरों में विधि विधान से लक्ष्मी पूजन किया गया व दीप जलाएं गए। बच्चों ने मिठाइयों व पूजन के साथ पटाखों के उत्साह में जमकर दीपावली मनाई। बाजार में जबरदस्त रौनक रही व पुलिस प्रशासन ने भी बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए दिनभर मशक्कत की। पुलिस ने गोपालदास स्वामी चौक से मुख्य बाजार की पुस्तकालय रोड को बेरिकेटिंग कर चार पहिया वाहनों को बंद किया जिससे बच्चें व महिलाओं ने आराम से खरीदारी की। महिलाओं ने बताया कि इस बार इस व्यवस्था से वे काफी प्रसन्न है और राहत महसूस कर रही है।सड़क पर सजने वाली अस्थाई दुकान मालिकों ने भी इससे काफी राहत महसूस की। बाजार में आस पास के सभी गांवो से बड़ी संख्या में ग्राहक आए व बाजार को समृद्धि की चमक दी जिससे व्यापारी वर्ग प्रसन्न हुआ। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन किया व धनतेरस से गुरूवार तक बाजार में आई रौनक के लिए मां का आभार प्रकट किया।
















