






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 नवंबर 2021। कस्बे के हाई स्कूल के बाहर विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर विराम लग गया है और विद्यार्थी कक्षाओं में लौट गए है। धरना स्थल पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीशराम कुलहरि पहुंचे व छात्रों को समझाते हुए उनसे वार्ता की। कुलहरि ने बताया कि कई तकनीकी कारणों से हाई स्कूल को इंग्लिश मीडियम बनाने के प्रस्ताव को टाला गया है तथा विभाग द्वारा संशोधित प्रस्ताव भी आगे भिजवा दिया गया है। कुलहरि ने कहा कि आज की शिक्षा को देखते हुए सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल बनाना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतरीन निर्णय है। जिससे सैंकड़ों निम्नवर्गीय व मध्यमवर्गीय छात्रों को प्राइवेट स्कूलों की मोटी फीस से राहत मिल सकेगी। विद्यार्थियों ने इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया व अपनी कक्षाओं में चले गए। स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्कूल गेट के बाहर प्रदर्शन करने के दौरान छात्र संगठन एसएफआई के छात्र नेता भी मौके पर पहुंच गए व अपने बैनर तले प्रदर्शन किया। एसएफआई तहसील सचिव गौरव टाडा ने बताया कि एसएफआई जिलाध्यक्ष मुकेश ज्याणी, सन्दीप मेघवाल, दीपक गोदारा, इरशाद भाटी, अय्याज, मोहित, भरत, अमित, जुबैर सहित अनेक एसएफआई के छात्र मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा।




