






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 दिसबंर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में आज 300 छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड लिखें है और आजादी के गुमनाम चेहरों को उचित स्थान देने व समानता के अधिकार के साथ भ्रष्टाचार मुक्त भारत के स्वप्न के बारे में लिखा हूं। “आजादी के अमृत महोत्सव” के दौरान पोस्टऑफिस द्वारा 75 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री के नाम लिख कर भेजने के अभियान में आज सेसोमू स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां कक्षा 4 से 12 तक के 300 छात्र छात्राओं ने “आजादी के गुमनाम चेहरे” और “2047 में मेरे सपनों का भारत” विषय पर पोस्टकार्ड लिखे। अभियान के समन्वय लादूपुरी गोस्वामी ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन में सेसोमू स्कूल के विद्यार्थियों ने जबरदस्त उत्साह के साथ भाग लिया व अपने भाव पोस्टकार्ड पर प्रकट किए। प्राचार्य मनोजकुमार अग्रवाल एवम् नोडल ऑफिसर बबिता ने विद्यार्थियों को आयोजन की जानकारी दी व कार्यक्रम को सम्पन्न करवाया।
बच्चों ने मांगा स्वस्थ समाज जहां हो समानता और भ्रष्टाचार से मुक्त हो।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यार्थियों ने पोस्टकार्ड पर अपने विचार लिखे और कार्यक्रम के समन्वयक लाधूपुरी गोस्वामी के सहयोग से श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने क्षेत्र के इन होनहारों की लेखनी बांची। आप सभी भारत के भविष्य इन विद्यार्थियों के भाव पढ़ें। कक्षा 4 से 12 तक के इन बच्चों ने प्रधानमंत्री से स्वस्थ समाज की मांग करते हुए समानता पर सर्वाधिक बल दिया और भ्रष्टाचार से मुक्त भारत की रचना करने का आह्वान किया है। स्कूल की छात्रा गर्विता ने आवाज उठाई की देश मे लड़के और लड़की में समानता स्थापित करने के लिए प्रयास हो, कक्षा सात के कुशाल स्वामी ने लिखा कि गरीबी का नाम देश से मिट जाए और हर नागरिक शिक्षित हो, कक्षा 11 की खुशबू ने कहा कि देश में धार्मिक आधार पर जहर फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, कक्षा 9 के श्रीकिशन सिद्ध ने कहा कि केवल गांधीजी को आजादी का नेता बताना गलत है और भगतसिंह, राजगुरू, सुखदेव को उचित स्थान मिलना चाहिए क्योंकि उन्होंने आजादी के लिए हंसते हंसते फांसी को गले लगाया था। कक्षा 9 कि छात्रा कनिष्का ने आजादी के लिए बलिदान होने वाले बाबू गेनु, करतार सिंह, शिरीष कुमार, बालमुकंद, बसंत विश्वास, मातंगिनी हाजरा द्वारा खाई गई गोलियों का जिक्र करते हुए उन्हें भी इतिहास में उचित स्थान देने की मांग की। कक्षा 8 के शुभम बोहरा ने कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी, मातंगिनी हाजरा को उचित स्थान देने की मांग की। कक्षा 8 के हर्षित ने लिखा कि सेनापति बापट ने पुणे में पहली बार ध्वज फहराया उन्हें उचित स्थान नहीं मिला। कक्षा 11 कि प्रेक्षा ने सपनों के भारत में सफल लोकतंत्र बनाने व समानता देने की बात कहते हुए भ्रष्टाचार से मुक्त भारत का स्वप्न देखा। कक्षा 11 के बालकृष्ण जोशी ने लिखा कि देश विज्ञान में विकास करें और भारत फिर से सोने की चिड़िया बने, कक्षा 9 के केशव ने लिखा कि भारत में सभी को समानता व न्याय प्राप्त हो, कक्षा 11 अंजलि ने लिखा कि ऐसा भारत हो जहां एक भी व्यक्ति असाक्षर नहीं रहें व जाति धर्म के नाम पर बांटा नहीं जाए, कक्षा 11 की वैशाली ने भारत को भ्रष्टाचार मुक्त कर देश की महिला के लिए सुरक्षित बनाने का स्वप्न लिखा, कक्षा 9 कि मुस्कान ने लिखा कि भगतसिंह को भारत में उनका उचित स्थान मिले। कक्षा 5 की नन्ही सी प्रियांशी ने लिखा कि शिक्षा को प्राथमिकता दी जाए जिससे सभी नागरिक अपने हक के लिए जागरूक हो सकें।







