






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 दिसबंर 2021। केन्द्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने आज 7 एग्री उत्पादों के वायदा कारोबार पर तत्काल रोक लगा दी है। जिसके बाद श्रीडूंगरगढ़ सहित देश की मंडियों में हलचल मच गई है और व्यापारियों में नुकसान की आंशका से हड़कंप मच गया है। वित्त मंत्रालय ने वायदा कारोबार में 7 एग्री उत्पादों पर वायदा कारोबार पर रोक लगाई है जिसमें सोयाबीन, सोया तेल, क्रूड पाम तेल, गेंहू, धान (गैर बासमती) शामिल है। बता देवें सरसों, मूंग और चना पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है। इन सभी एग्री उत्पादों पर अब आगामी एक वर्ष तक वायदा कारोबार नहीं हो सकेगा। माना जा रहा है कि बढ़ती मंहगाई पर लगाम कसने के लिए लिए केन्द्र सरकार ने ये बड़ा फैसला लिया है।
श्रीडूंगरगढ़ में व्यापारी हुए परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में मूंगफली का भारी उत्पादन हुआ है व किसानों से व्यापारियों ने लाखों क्विंटल माल खरीद लिया है। अब सरकार द्वारा लगाई गई रोक के बाद सरसों तेल व सोया तेल बाजार में सस्ता होगा तथा मूंगफली का तेल मंहगा लगेगा, तो इसे कौन खरीदेगा.? इसी आशंका से यहां के व्यापारी परेशान हो उठे है। कृषि मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू ने बताया कि इससे व्यापारियों के मन में शंका पैदा हो गई है जिसका असर बाजार पर पड़ेगा। इस फैसले से नुकसान होना तो नजर आ रहा है शेष फैसले की समीक्षा के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। बता देवें फैसले के बाद कृषि मंडी सहित बाजार में चर्चाओं का माहौल गर्म है।



