






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 20 दिसम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत एक वर्ष से 55 घरों में हर माह राशन पहुंचा रही एक संस्था ने आज सैंकड़ो जरूरतमंदों के लिए इस ठिठुरती सर्दी में राहत का प्रबंध करने का जिम्मा उठाया और नए रजाई, गद्दे, कम्बलें, स्वेटर, कोट, शॉल वितरण के लिए एकत्र किए है। जानकारी लेने पर पता चला की ये सेवा कार्य नर नारायण सेवा संस्थान द्वारा संपादित किया जा रहा है जो एक सेवा मिशन है। मजे की बात ये है कि ये सोशल मीडिया का भी एक सकारात्मक पक्ष सामने लाया है। इस संस्थान में सोशल मीडिया के माध्यम से ही सेवाभावी लोग जुड़े हुए है। संस्थान की अध्यक्ष सुष्मा श्याम करनानी ने बताया कि संस्थान ने 55 परिवारों को गोद लिया हुआ है और उनके रोजमर्रा की जरूरत के सामान, राशन का सामान, कई जरूरतमंद बच्चों का पढ़ाई का खर्च वहन करने की सेवाएं दे रहा है। ये सामान इन घरों तक संस्थान के सेवादारों द्वारा ही पहुंचाया जाता है। करनानी ने बताया कि सभी खर्च सोशल नेटवर्किंग के जरिए सेवा भावी नागरिकों द्वारा दिया जाता है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सेवा कार्यों में संस्थान के कार्यकर्ताओं ने एक नई मिसाल पेश की है। आज गर्म कपड़ों के वितरण की योजना बनाने के दौरान श्याम करनाणी, रामप्रताप सारस्वत, जय बाहेती, धनराज जस्सू आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ऐसे चुना जाता है पात्र परिवार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकार द्वारा समाज कल्याण के लिए कई योजनाओं में करोड़ो का फंड दिया जा रहा है परन्तु भ्रष्टाचार के चलते इस फंड से गरीब, बेसहारा व जरूरतमंद को सहारा मिलने की उम्मीदें आज भी संदेह के घेरे में ही है। ऐसे में किसी जरूरतमंद के काम आने पर ये नर नारायण सेवा संस्थान उस परिवार को किसी दैवीय शक्ति से कम अनुभूति नहीं देता है। संस्थान के सेवादारों ने बताया कि जिस परिवार में कोई कमाने वाला नहीं हो व बीमार बुजुर्ग हो, छोटे बच्चे हो ऐसे परिवारों को गोद लिया है।






