






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जनवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार शाम से ही बादलों ने डेरा जमा लिया है और सुबह 6 बजे हल्की बूंदे भी गिरी। आज दिनभर से बादलों ने सूरज को अपने आंचल में छुपाए रखा और धूप कहीं कहीं हल्की फुल्की ही खिल पाई। क्षेत्र में धरती ने सरसों के फुलों की पीली चुनरिया ओढ़ ली है और ये मौसम रबी की फसलों के लिए खास है। किसान प्रसन्न हो रहे है और मावठ का इंतजार कर रहें है। इस बार क्षेत्र में सरसों की बुवाई के हैक्टेयर में खासी वृद्धि का अनुमान किसानों द्वारा लगाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि पिछली बार सरसों के भाव अच्छे रहें और किसानों को इससे फायदा हुआ था इसलिए इसबार क्षेत्र में किसानों ने सरसों की बुवाई पर अधिक ध्यान दिया है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य में एक साथ दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे जिसका असर आज रात से प्रारंभ हो जाएगा। विभाग के अनुसार इस विक्षोभ का असर जिससे 4 जनवरी से 8 जनवरी तक रहेगा। इसका सर्वाधिक असर 5 से 7 जनवरी तक रहेगा। इस दौरान बीकानेर व चुरू सहित 18 जिलों में मावठ की संभावना है। इन जिलों में बरसात के साथ ओलों की संभावना भी विभाग ने जताई है।






