






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अप्रैल 2022। गणगौर मेला समिति ने कस्बे के हनुमान क्लब से ऊंट, घोड़े, रथ, के साथ गणगौर की शाही सवारी निकाली। सवारी में समिति की 21 गणगौर व 21 इसरजी को मस्तक पर उठाए महिलाएं रवाना हुई तो जगह जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर गणगौर का स्वागत किया। संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन किया तो बड़ी संख्या में महिलाओं ने गणगौर का तिलक कर भोग लगाया। झांकियों के साथ सवारी नेहरू पार्क पहुंची व यहां आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
ये रहें शामिल, दी गणगौर सवारी में सेवाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति संरक्षक देवीलाल उपाध्याय की अगुवाई में समिति अध्यक्ष सीताराम मोदी, मंत्री श्याम पारीक, कोषाध्यक्ष ललित बाहेती, हिसाब परीक्षक गोपाल राठी के निर्देशन में शाही सवारी निकली। सवारी के दौरान थानाधिकारी वेदपाल शिवराण की अगुवाई में पुलिस जवानों ने अपनी सेवाएं दी। आपणो गांव सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज डागा की अगुवाई में पूरी टीम ने सवारी निकलने के दौरान उल्लेखनीय सेवाएं दी। महिलाओं के अलग अलग संगठन एक जैसी पोशाक में शामिल हुई।
गणगौर प्रतियोगिता में 24 ने लिया भाग, ये रहें जज, इन्हें मिले पुरस्कार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति द्वारा आयोजित शाही सवारी उत्सव में 24 युवतियों ने गणगौर सजाने की प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें प्रथम स्थान निर्विका सेवग ने हासिल किया। द्वितीय स्थान पर अक्षिता डागा रही व तृतीय स्थान प्रतिभा मूंधड़ा ने प्राप्त किया। तीनों को पुरस्कृत किया गया व सांत्वना पुरस्कार सभी 24 युवतियों को दिया गया। गणगौर सजाने प्रतियोगिता के जज के रूप में समाजसेवी रूपचंद सोनी, संस्कार इनोवेटिव स्कूल के निदेशक मनोज गुसाईं, समाजसेवी महावीर माली, कृष्णा पेड़ीवाल, रेखा मूंधड़ा, कौशल्या झंवर ने भाग लिया व सभी जजों ने रैंकिंग के माध्यम से परिणाम दिया। समिति संरक्षक देवीलाल उपाध्याय ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय परंपरा व उत्सव से आने वाली पीढ़ी उत्साह पूर्वक जुड़ी रहें इस हेतु आयोजन की महत्ती आवश्यकता है।












