May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2022। क्षेत्र में बदलता मौसम खासा भयावह रूप ले रहा है एवं लगातार आंधी, तूफान, भतुलिये (छोटा चक्रवात) के कारण हादसे हो रहे है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दक्षिणी छोर के गांवों में तीन दिन पहले आए अंधड़ के कारण धराशाही हुआ विद्युत तंत्र अभी तक पूर्णतया सही हो ही नहीं पाया कि गुरूवार रात को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के पूर्वी छोर के गांवों में तेज अंधड़ आया। हालांकि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांवों में तो बड़े नुकसान की खबर नहीं है लेकिन श्रीडूंगरगढ़ से सटे रतनगढ़ तहसील के गांव लाछड़सर गांव में एक विवाह समारोह में लगाए गए डीजे फ्लोर का सेट का चैनल अंधड़ से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई एवं आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिनमें से तीन जनों को गंभीर अवस्था में बीकानेर रैफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लाछड़सर में लक्ष्मीनारायण बिस्सू के बेटे का विवाह शुक्रवार को होनी है एवं गुरूवार को प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था। जिसमें लगा हुआ डीजे फ्लोर तेज अंधडे में अनबैलेंस हो गया एवं फ्लोर पर लाईटिंग, स्पीकर के लिए लगाए गया लोहे का भारी चैलन नीचे गिर गया। चैलन की चपेट में फ्लोर पर डांस कर रहे लोग एवं डांस देख रहे लोग आ गए। इन घायलों में 35 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई, 6 वर्षीय गुंजन शर्मा सहित 3 गंभीर को बीकानेर रैफर किया गया। जिनका उपचार बीकानेर में चल रहा है। वहीं इस घटना में घायल एक व्यक्ति को गुरूवार रात को ही श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय भी लाया गया। इस घायल के भी सर में चोटें थी एवं कई टांके आए है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लाछड़सर में हुई दुखद दुर्घटना में गिरा डीजे का लोहे का पोल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एकबारगी मौके पर अफरातफरी मच गई।