






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जून 2022। क्षेत्र में विभागीय अधिकारियों की लालफिताशाही के कारण आम जन परेशान हो रहे एवं अब तो हालत यह है कि जनप्रतिनिधियों की भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। अपनी समस्याओं को लेकर ग्रामीण दफ्तरों के चक्कर लगा रहे है लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शनिवार को गांव सुरजनसर के ग्रामीण सरपंच ओमप्रकाश शर्मा की अगुवाई में दिन भर विद्युत निगम के कार्यालय में बैठे रहे लेकिन ना तो कोई अधिकारी मिला एवं ना ही किसी ने फोन पर वार्ता की। सरपचं शर्मा ने बताया कि गांव में वाटरवर्क्स हौद के पास स्थित ट्रांसफार्मर करीब 15 दिन पहले जल गया था। इस कारण गांव के एक मोहल्ले के करीब 50 घरों में एवं गांव उदरासर की पेयजल सप्लाई के लिए बने हुए टयुबवैल व कई कृषि कुएं बंद पडे है। गांव उदरासर में पेयजल संकट खड़ा होने की कगार पर है और 15 दिनों से ग्रामीण लगातार विभागीय अधिकारियों को सूचित कर रहे है लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में आक्रोशित ग्रामीण सहीराम, खीयांराम, रावतराम, राजूराम, केसराराम, मोहनलाल, माणकचंद, राधाकृष्ण, हुणताराम, बजरंग, मल्लूराम, शिवलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें लेकिन उन्हें दिनभर में कोई नहीं मिला और ऐसे में ग्रामीणों में खासा रोष व्याप्त है।




