






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जुलाई 2022। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए प्रस्तुत है क्षेत्र में आज मंगलवार की कुछ खास छोटी बड़ी खबरें एक साथ न्यूज ब्रीफिंग में।
01 कुत्ते कर रहे हैं हिरणो का शिकार, युवाओं ने बचाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वन्यजीव प्रेमियों और जागरूक युवाओं के सतत प्रयासों से क्षेत्र में हिरणों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। लेकिन चिंता की बात यह है कि हिरणों की संख्या के साथ ही वन क्षेत्र में कुत्तों द्वारा हिरणों का शिकार किए जाने की भी लगतार घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ से गुसांईसर बड़ा के बीच रोही में कुत्तों ने शिकार के प्रयास में एक हिरण को घायल कर दिया। मौके पर से गुजर रहे युवक केशुराम खिलेरी, लेखनाथ जाखड़ ने उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़वाया। युवाओं ने आपणो गांव सेवा समिति को सूचना दी। इस पर सेवा समिति के मदन सोनी, मनोज डागा ने समिति की एंबुलेंस से घायल हिरण को वन विभाग पहुंचाया व उपचार करवाया।


02 कोडमदेसर के लिए चौथी फेरी की रवानगी 5 को
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे से जातरू उत्साह के साथ अपने अपने ईष्ट की पैदल यात्राओं की तैयारी में जुट गए हैं। कस्बे के आडसर बास से आपणो संघ के बैनर तले कोडमदेसर भेरूंजी के लिए जातरूओं का जत्था आगामी 5 सितंबर को रवाना होगा। आडसर बास के ब्रह्माणी माता मंदिर में धोक लगाकर संघ सुबह 6 बजे रवाना होगा।
03 बेसहारा घूमती मिली 2 बछिया, मालिक नहीं मिला तो करेंगे पालन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के मोमासर बास में 2 बछिया बेसहारा घूमते हुए मिली है। वार्ड 9 के निवासी हरीओम नाई ने बताया कि बछियाओं के मालिक की तलाश की गई लेकिन कोई भी सामने नहीं आया। ऐसे में अगर कोई मालिक नहीं मिलता है तो बछिया का पालन पोषण किए जाने का निर्णय लिया गया है।
04 योग शिक्षकों को मिले न्याय, की जाए भर्ती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार द्वारा पी एच सी और एच डबल्यू सी पर अस्थाई योग शिक्षक को भर्ती करने के निर्णय और दो बार बजट भी पारित करने के बाद भी भर्ती नही करना आयोग शिक्षकों के साथ अन्याय है। इस संबंध में योग शिक्षक संघर्ष समिति ने शीघ्रता से नियुक्तियां देने की मांग की है। समिति पदाधिकारियों ने शीघ्र भर्ती नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।




