






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2022। अखिल भारतीय किसान सभा का दो दिवसीय 21 वां जिला सम्मेलन आज श्रीराम भवन आड़सर बास में प्रारंभ हुआ। संगठन के जिलाध्यक्ष व विधायक गिरधारीलाल महिया, राज्य महामंत्री छगनलाल चौधरी, किसान नेता लालचंद भादू ने संगठन झंडा फहराया व छगनलाल चौधरी ने उद्घाटन भाषण दिया। चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकारें किसानों के अधिकारों को छीन कर समाप्त कर रही है और आज भी खेती-किसानी को बचाने के लिए संघर्ष ही एकमात्र रास्ता है। विधायक महिया ने गांव गांव कमेटियों का गठन कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। महिया ने सरकारों की गलत नीतियों की वजह से खेती-किसानी पर आने वाले समय में पड़ने वाले विपरीत प्रभावों के बारे में आगाह किया। किसान सलाहकार समिति के भरतसिंह राठौड़, क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चेयरमैन तुलछीराम गोदारा, लखासर के पूर्व सरपंच लक्ष्मण खिलेरी ने भी अपने विचार रखे। वहीं जनसंगठनों के तौर पर राजस्थान किसान सभा के नेता हनुमान सिंह धारीवाल, प्रगतिशील लेखक संघ के श्याम महर्षि, सीटू के अंजनी शर्मा, नौजवान सभा के सतपाल प्रजापत, जनवादी महिला समिति की राज्य मंत्री डॉ. सीमा जैन ने भी आह्वान किया कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज आम आदमी त्रस्त है और पूंजीपति मस्त है। सभी ने एक स्वर में जागरूक होकर आम आदमी के हकों के लिए संघर्ष करने की बात कही। सभी का स्वागत कॉमरेड मोहन भादू ने दिया और इसके पश्चात किसान नेता लालचंद भादू ने किसान आंदोलनों के संघर्षों के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला सचिव जेठाराम लाखूसर ने पिछले सम्मेलन से लेकर आज तक की किसान सभा की गतिविधि रिपोर्ट सभा पटल पर रखी जिस पर लगातार बहस जारी है। बुधवार सुबह 10 बजे सम्मेलन का सत्र पुन: शुरू होगा, जिसमें संगठन की रिपोर्ट पर बहस का जवाब दिया जाएगा तथा कल ही संगठन की नई कार्यकारिणी का चुनाव भी किया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य भाग लेंगे।





