






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवंबर 2022। तहसील के गांव कितासर भाटियान में एक काश्तकार को खेत मालिक ने धोखा देते हुए उसके हिस्से की फसल हड़प ली। पीड़ित किसान थाने पहुंचा एवं खेत मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी करने, फसल हड़पने एवं धमकाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित कितासर भाटियान निवासी नौरंगलाल नाई ने इसी गांव के हेमराज जाट उसके पुत्र परमेश्वरलाल, पत्नी चुन्नी, पुत्रियां सोना एवं गीता के खिलाफ दर्ज करवाए गए मामले में पुलिस को बताया कि हेमराज ने उसे अपना खेत मूंगफली की फसल के लिए हिस्सा पांति पर दिया था। हेमराज ने उसे काश्त करने के लिए 22 प्रतिशत हिस्सा देने एवं स्वयं का 78 प्रतिशत हिस्सा होना तय किया था। इसी आधार पर उसने खेत में मूंगफली की बीज बुवाई, निनाण, फसल कटाई आदि कार्य कर लिया। लेकिन 2 नवम्बर को सभी आरोपी खेत आए एवं उसका हिस्सा हड़पने के लिए उसे खेत से बाहर निकाल दिया। आरोपियों ने दुबारा खेत में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




