






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2023। मार्च माह के अंतिम रविवार को श्रीडूंगरगढ़ में जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेगें एवं शूटिंग बॉलीबॉल के नेशनल लेवल प्लेयर अपनी पूरे जोश खरोश के साथ शॉट पर शॉट लगाएंगें। कस्बे के हनुमान क्लब समिति द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई है एवं शनिवार सुबह 10 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। क्लब के खिलाड़ी एवं प्रतियोगिता प्रभारी शंकर कलवाणियां एवं सीताराम पारीक ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को जिले एवं आस पास की टीमों के मैच होगें। इन टीमों के मैचों में से खिलाडियों का चयन कर अधिकतम दो टीमों का गठन किया जाएगा। इसके बाद रविवार को दोपहर तीन बजे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, जयपुर आदि जगहों की मुख्य टीमें पहुंचेगी और जबरदस्त मुकाबले खेले जाएंगे। शनिवार और रविवार को दिन रात डे-नाइट मैच खेलें जाएंगे। प्रतियोगिता में रविवार को नेशनल लेवल मैचों का लाईव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए आर्थिक सहयोग हाजन सईदन एवं हाजी नजीर बहेलिया की स्मृति में समाजसेवी सलीम बहेलिया द्वारा दिया जा रहा है। स्थानीय नागरिक व प्रवासी नागरिक श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज से जुड़कर खेल आयोजन का लाइव आनंद ले सकते है।



