






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अक्टूबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ के भक्त अपनी अनूठी इष्ट श्रद्धा के साथ नए आयाम रच रहे है। शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ से तूफानी गति के साथ सालासर के लिए निकला जयश्री राम सेवा समिति सालासर पैदल यात्री संघ, बिग्गाबास क्षेत्र के भक्ति इतिहास को और अधिक स्वर्णिम बना रहा है। संघ के अध्यक्ष बजरंग मूंधडा ने बताया कि हर वर्ष संघ के तहत सैंकडों पदयात्री सालासर की यात्रा करते है लेकिन इस बार कोरोना के कारण मंदिर बंद होने व अन्य प्रशासनिक दिक्कतों के कारण वह स्वयं और संघ के सदस्य मुकेश नाई सहित केवल दो जने ही पैदल रवाना हो गए है। बिग्गाबास के गणेश मंदिर में शाम पांच बजे धोक लगा कर रवाना हुआ ये दो सदस्यों का संघ लगातार चलेगा एवं बिना किसी विश्राम के कल सुबह छह बजे मंदिर में धोक लगाएगा।
विदित रहे कि इस बार श्रीडूंगरगढ़ के पदयात्रियों ने अनूठी यात्रांए पूरी की है। इस बार कोरोना के कारण रामदेवरा के लिए पूरे राजस्थान से जातरूओं की पैदल यात्राएं बंद रही लेकिन श्रीडूंगरगढ़ से द्वारकाधीश पैदल यात्री संघ ने बाबा की मेहर से निर्विघ्न अपनी पदयात्रा पूरी की थी। इसी प्रकार खुड़द धाम के लिए दौड़ती पदयात्रा भी श्रीडूंगरगढ़ के भक्तों ने पूरी की थी। श्रीडूंगरगढ़ से खुड़द धाम तक करीब 190 किलोमीटर तक जातरू ध्वजा को लेकर रिले रेस के रूप में दौडते हुए गए थे एवं 15 घंटों में यात्रा पूरी कर ली थी।




