August 31, 2026
WhatsApp Image 2026-08-31 at 20.43.23

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अगस्त 2026। विद्यार्थी को अपने कौशल एवं रुचि के आधार पर करिअर का चयन करना चाहिए, ताकि वह अपनी क्षमता के अनुरूप भविष्य में सफलता प्राप्त कर सके। यह बात मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पूनरासर में निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन के आगमन पर कही। पूनिया ने करिअर काउंसलिंग वैन परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए सही समय पर करिअर मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक विशेषज्ञों के माध्यम से करिअर संबंधी जानकारी पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य भगत राज खत्री ने करिअर काउंसलिंग वैन की टीम एवं सीबीईओ सरोज पूनिया वीर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यालय में करिअर मार्गदर्शन जैसी उपयोगी पहल के लिए फाउंउेशन के डॉ चंद्रशेखर श्रीमाली का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नेशनल करिअर काउंसलर एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. श्रीमाली ने विद्यार्थियों को करिअर काउंसलिंग की आवश्यकता एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता, कौशल एवं व्यक्तित्व को पहचानकर करिअर का चुनाव करने के लिए प्रेरित किया। काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को निःशुल्क करिअर काउंसलिंग वैन परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण करिअर मार्गदर्शन पहुंचाना है। कार्यक्रम का संचालन मनन श्रीमाली ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उप-प्रधानाचार्य विकास मानव ने किया। कार्यक्रम में केशव आचार्य एवं परम नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में पहुंची करिअर काउंसलिंग वैन विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से करिअर से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और भविष्य के विकल्पों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं।