May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-10-26 at 16.53.58

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2025। क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, जीव सेवा में सक्रिय आपणो गांव सेवा समिति के सदस्यों ने पशुपालन विभाग मंत्री जोराराम कुमावत से मुलाकात की। सदस्यों ने जागरूकता का परिचय देते हुए मंत्री कुमावत से श्रीडूंगरगढ़ के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहु उद्देश्य पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग की। समिति अध्यक्ष जतनसिंह ने कुमावत को जानकारी देते हुए बताया कि श्रीडूंगरगढ़ अंचल में बड़ी संख्या में पशु पालक समुदाय है, जिनकी आजीविका पशुपालन पर निर्भर है। यहां ऊंट, गाय, भैड़, बकरी सहित अन्य पशुधन की अत्यधिक संख्या है। ऐसे में यहां पशुधन सुरक्षा, रोग नियंत्रण एवं आपातकालीन पशु चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता निरन्तर बनी रहती है। सदस्यों ने बताया कि संसाधन, उपकरण एवं कार्मिकों की सीमित उपलब्धता के कारण पशुपालकों को समय पर उचित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। चिकित्सालय के क्रमोन्नत होने से यहां पशुपालकों को उन्नत सेवा, टीकाकरण, रोग निदान, दवा वितरण, दुग्ध उत्पादन संवर्धन एवं आपातकाल में चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। मंत्री जोराराम कुमावत ने समिति का ज्ञापन लिया व पूरी बात सुनकर इस दिशा में विभाग को निर्देश देने की बात कही। इस दौरान समिति अध्यक्ष जतन सिंह, पूर्व अध्यक्ष मनोज डागा, राजकुमार प्रजापत, जय धरू, सत्यनारायण टाक, मदन सोनी, प्रवीण पालीवाल, भीकमचंद सुथार, मनोज कायल, सांवरमल प्रजापत सहित अनेक सदस्य मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति सदस्यों ने मंत्री कुमावत से मुलाकात कर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हित में उठाई मांग।