May 20, 2026
45545

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2023। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में नगरपालिका लगातार विवादों में रह रही है। पहले ईओ विवाद और अब एक बिल्डर्स द्वारा पालिका की नजूल भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का विरोध करने पर पालिकाध्यक्ष के साथ गाली गलौच का मामला सामने आया है। इस सबंध में पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने एक बिल्डर्स के सलीम कुरैशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। मानमल शर्मा ने पुलिस को बताया कि सरदारशहर रोड़ पर खसरा नम्बर 1067 व 1078 की भूमि नजूल संपति के रूप में है जिसका वर्ष 2014 में पटवारी व राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा सीमा ज्ञान करवा कर पालिका को कब्जा दिया गया था। मौके पर पालिका की तार-पट्टियां भी की हुई थी। इस भूमि के पूर्व में खसरा नम्बर 1061, 1062, 1063, 1064, 1065 की भूमि आरोपी सलीम कुरैशी द्वारा ख़रीदशुदा है। इसके आड़ में सलीम द्वारा पालिका भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। इसकी सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष व पार्षद गत 1 फरवरी को मौके पर पहुंचे ओर पालिका भूमि पर कब्जे के प्रयास को रोका तो आरोपी ने फोन पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। पालिकाध्यक्ष की परिवाद पर आरोपी के खिलाफ धारा 447, 427, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कांस्टेबल लेखराम को सुपुर्द की गई है।