June 4, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जून 2026। 2 जून मंगलवार सुबह 8 बजे बीदासर रोड पर वन क्षेत्र में अर्द्धनग्न महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सुनियोजित ढंग से की गई हत्या का खुलाया कर दिया है। पुलिस ने 35 वर्षीय महिला बालीबाई उर्फ भालीबाई पत्नी बालचंद भील के रूप में पहचान की। उसके साथी फूलचंद के घटना के बाद से गायब होने पर पुलिस को उस पर शक हुआ। संदिग्ध की तलाश में एक वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस ने संदिग्ध फूलचंद की तलाश शुरू की और उसे कोटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर श्रीडूंगरगढ़ लाया गया।
झगड़े से नाराज आरोपी ने प्लान कर पहले पिलाई शराब फिर मार डाला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस ने फूलचंद से मनोवैज्ञानिक ढंग से गहनता से पूछताछ की। फूलचंद लगातार बालीबाई को ढूंढने की बात कह रहा था। पूछताछ में उसने खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों साथ रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हुए, पांच सात दिन पहले उनके किराए के मकान में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जिसमें फूलचंद को भी चोटें आई। फूलचंद ने रंजिश रखते हुए पूर्व नियोजित योजना के तहत 1 जून की शाम को पहले खुद ने शराब पी और उसके बाद मृतका को अत्यधिक शराब पिलाई। आरोपी ने ईंट उसके सिर पर वार किया व लात घुसों से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को घसीटकर झाड़ियों में फैंक दिया। उसके बाद उसने फिर शराब पी और दुबारा भी घटना स्थल पर गया। हत्यारे ने महिला के मरने की तस्दीक की और फिर उसे ढूंढने का नाटक शुरू किया। पुलिस को गुमराह करते हुए झूठ बोलता रहा। परंतु पुलिस ने सच उगलवा लिया और 47 वर्षीय फुलचंद पुत्र गिरधारीलाल भील निवासी असलपुर, घाटोली, झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा घटना के 24 घंटे में हत्यारे को दस्तयाब कर लिया गया व 48 घंटे में मामले की पूरी गुत्थी सुलझा ली गई। हत्यारे को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये टीम रही सक्रिय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एडिशनल एसपी बनवारीलाल मीणा, सीओ निकेत कुमार, थानाधिकारी कश्यपसिंह मौके पर पहुंचे व महिला की शिनाख्त व आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। पुलिस ने चारों ओर सीसीटीवी भी खंगाले। आरोपी को पकड़ने में विशेष सहयोग कोटा शहर के एसआई रोहित कुमार का रहा। वहीं श्रीडूंगरगढ़ की टीम में एएसआई देवाराम, पुनीत व रविंद्र सिंह की टीम हत्यारे के पीछे रही और उसे कोटा ग्रामीण से धर दबोचा।
आज सुबह किया शव का अंतिम संस्कार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महिला के शव का अंतिम संस्कार आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के सेवादारों द्वारा आज सुबह किया गया। बुधवार को परिजन देरी से पहुंचे और अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। सेवादारों ने शव को सुरक्षित रखने के लिए बर्फ भी लगाई परंतु आज सुबह तक शव से दुर्गंध भी आने लगी। समिति सदस्यों ने इस बाबत कोई शुल्क नहीं लिया व शव का ससम्मान अंतिम संस्कार करवाया गया। इस दौरान समिति सदस्यों सहित दिनेश प्रजापत, नरपतसिंह, श्याम पारीक, देव छंगाणी, मनीष मोदी का सहयोग रहा।