






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवंबर 2022। मीडिया के नाम से उगाही करने में मीडिया माफिया जबरदस्त रूप से क्षेत्र में सक्रिय है और जरूरत है कि आमजन अब जागरूक होकर इनसे सतर्क रहें। रविवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकें में पहुंच कर एक पाक्षिक अखबार आवाज न्यूज के नाम से फर्जी रसीदें काटने मामला सामने आया है। पाक्षिक अखबार आवाज न्यूज के प्रधान संपादक अमन शर्मा ने परिवाद देते हुए 420 का मामला दर्ज करने की मांग की है। शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका आवाज न्यूज हिंदी समाचार पत्र जो आरएनआई से रजिस्टर्ड है, के नाम से आरोपी ने बीकानेर जिले में ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षो, संचालन मंडल के सदस्यों, ग्राम पंचायतों के सरपंचो के साथ साथ अनेक गणमान्य नागरिकों से विज्ञापन ओर बधाई संदेश के नाम पर राशि वसूली की। शर्मा ने बताया कि सैंकड़ो लोगों से लाखों रूपए की वसूली कर ली गई है। आरोपी स्वयं को आवाज न्यूज का सह संपादक बता रहा है। शर्मा ने पुलिस से सख्त कार्रवाई कर फर्जी मीडियाकर्मियों से समाज को राहत दिलवाने की मांग की है।
आरोपी के माइक आई रखवाएं थाने में, एसआई बलवीर कर रहें है जांच।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आजकल कोई भी वीडियो एडिंटिंग एप के जरिए आपकी खबर को टीवी के फ्रेम में दिखाकर ठगी कर सकता है। अगर नामचीन चैनल नहीं हो तो आम जन, राजनेताओं और पदाधिकारियों को किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले सचेत होना चाहिए। पंजीकृत ओर लगातार आपके क्षेत्र में काम करने वाले मीडिया संस्थान को ही खबर व विग्यापन देवें। जिससे खबर की विश्वसनीयता व प्रामाणिकता प्रभावित नहीं हो। मामले में आरोपी को थाने बुलाया गया व उसकी माइक व आईडी थाने में रखवाई गई है। मामले की जांच एसआई बलवीरसिंह कर रहें है। शर्मा ने उनके लोगो का दुरूपयोग करने पर कॉपीराइट क्लेम भी लगाने की बात कही है। बता देवें किसी पंजीकृत संस्थान का लोगो या उसके जैसा लोगो प्रयोग में लेना अपराध है। फर्जी आईडी बनाकर किसी से ठगी करना या रसीद काटना भी चार सौ बीसी में दर्ज होता है।
पंजीकृत मीडिया संस्थान खबर का पेमेंट नहीं लेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इन दिनों यूट्यूब पर न्यूज चैनलों की बाढ़ सी आ गई है और अनेक फर्जी पत्रकार बनकर न्यूज लगाने के नाम पर वसूली कर रहें है। ये जालसाज अब छोटे छोटे गांवो तक पहुंचने लगे है और क्षेत्रवासी इनसे सावधान रहें। आप ये ध्यान देवें की पंजीकृत मीडिया संस्थान में खबर के लिए कोई पेमेंट नहीं लिया जाता है, ना ही कोई रसीदें काटी जाती है। अगर कोई ऐसी मांग करें तो तुरंत पुलिस को सूचना देवें। बिना पंजीयन वाले मीडिया से दूर रहें और फर्जी को सपोर्ट भी ना करें।
हो सावधान, नहीं करें कोई पेंमेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बता देवें मीडिया के नाम पर काम करने वाली माफिया का समाज भी सहयोग बंद करें। जिससे लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ मजबूत हो सकें। नागरिक भी पंजीकृत मीडिया संस्थानों का सहयोग करें अपंजीकृत तथा सैंकड़ो वीडियो ग्राफी करने वालों को मीडियाकर्मी समझने की भूल ना करे।



