May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-11-09 at 10.26.47

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 नवंबर 2025। एक परिवार द्वारा सड़क के किनारे सड़क के लिए छोड़ी भूमि पर कब्जा करने, विरोध करने पर मारपीट करने, महिला के साथ बदतमीजी करने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है। थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि बिग्गाबास निवासी पन्नाराम पुत्र चौखाराम रेगर ने इसी मोहल्ले के निवासी आरिफ बहेलिया, रतनसिंह, शिवनारायण, आमीन व अन्य चार पांच जनों के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि करीब पांच दशक से उसका परिवार सरदारशहर रोड पर एक ही बाउंड्री में मकान बना कर रहता है। प्रशासन ने उसके परिवारजनों को सड़क से 100 फुट भूमि छोड़ने के लिए कहा गया तो परिवादी ने अपने घर की चारदीवारी तोड़ कर उसको पीछे करते हुए सड़क के लिए भूमि छोड़ दी। भूमाफियाओं ने इस भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। जिस पर परिवारजनों ने एतराज जताया तो भूमाफिया इसमें सफल नहीं हुए। पालिका द्वारा भी उसके 3 मार्च 1997 के पट्टे को विचारधीन बताया जा रहा है। आरोपियों ने 1 मई 2025 को उनकी छोड़ी हुई भूमि पर निर्माण कार्य चालू करवा दिया। 3 मई 2025 को करीब 7 बजे वह बीकानेर से आया तो आरोपियों ने इस जगह का पट्टा बनवा लेने की बात कहते हुए उसके व उसके बेटे मुकेश, पत्नी मंजूदेवी के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दी व महिला के साथ बदतमीजी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ को दे दी है।