May 20, 2026
IMG-20230721-WA0010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। मोमासर में छह ज्वेलरी की दुकानों में लूट की घटना में पुलिस द्वारा एनकाउंटर की पुष्टि कर दी गई है और एनकाउंटर स्थल पर सीकर व चुरू एसपी भी मौजूद हैं। मामले में आईजी तक सक्रिय हो गए हैं। हाइवे पर पीछे से लुटेरो द्वारा रतनगढ़, राजलदेसर व सामने से फतेहपुर पुलिस द्वारा घिर जाने के बाद लुटेरे रोलसाहबसर से ढाँढन रोड़ पर भागने लगे। यहां रामगढ़ कस्बे के पास ढाँढन ओरण, बीहड़ में सामने रामगढ शेखावाटी पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। लुटेरों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार कर भागने का प्रयास किया व फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक लुटेरे की मौत हो गई व 5-7 लुटेरे अंधेरे का फायदा उठा कर गाड़ी छोड़ बीहड़ में भाग छुटे। पुलिस ने लुटेरों कि गाडी जब्त कर ली है। गाड़ी में बड़ी मात्रा में हथियार और ज्वेलरी भी मिलने की प्राथमिक सूचना है। रामगढ़ के बीहड़ में छिपे इन हथियारबंद बदमाशो को पकड़ने के लिए चुरू एसपी, सीकर एसपी की अगुवाई में हथियारबंद जवानों ने बीहड़ में सर्च ऑपरेशन चलाया है। सीकर ओर चुरू जिले में ए श्रेणी नाकाबंदी कर दी गई है। एनकाउंटर में मारे गए बदमाश का शव रामगढ़ के चिकित्सालय की मोर्चरी में भेजा गया है। वहीं दूसरी और मोमासर गांव के बाजार में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने बाजार बंद कर दिए हैं और स्थानीय पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को पुलिस कार्यवाही की अपडेट देते हुए समझाइश कर रहे हैं।