May 21, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जून 2025। विश्व में शनिवार को 11वां योग दिवस मनाया जा रहा है। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर देश भर में योग के हजारों आयोजन हुए है। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ भी योगमय नजर आया। उपखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन आयुर्वेद विभाग द्वारा आर्दश विद्या मंदिर में संपन्न हुआ। विधायक ताराचंद सारस्वत ने तन मन की स्वस्थता व स्थिरता के लिए नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी। यहां उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने योग नियमित करने की प्रेरणा देते हुए “योग भी वोट भी” कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी को मतदान करने की शपथ दिलवाई। पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया व उसके बाद अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के नोडल प्रभारी वरिष्ठ चिकित्सक डॉ पवन गोदारा के निर्देशन में योग आयोजन संपन्न हुआ। योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग आसन करवाते हुए आसनों के लाभ के बारे में भी जानकारी दी। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कार्मिक, सेवा धाम छात्रावास के बालक बालिकाएं शामिल हुए।
ग्रामीणों में उत्साह, किया योग, लिया संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धार्मिक स्थानों पर योग कार्यक्रम के तहत योग समारोह का आयोजन प्रसिद्ध पूनरासर धाम के हनुमान मंदिर प्रांगण में किया गया। राजस्थान कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित आयुर्वेद विभाग के वरिष्ठ चिकित्सका डॉ पवन पारीक ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम प्रारंभ किया। पीएम का कार्यक्रम लाइव देखा गया व आयुर्वेद विश्वविद्यालय के योग विद्यार्थियों ने योग के लाभ बताते हुए योग करवाया। ग्रामीणों में योग करने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। सुथार ने योग को प्राचीन व पूर्ण जीवनशैली बताते हुए स्वस्थ दुनिया के लिए भारत द्वारा दी गई सौगात बताई। डॉ पवन पारीक की अगुवाई में संपन्न हुए समारोह में पारीक ने सभी को स्वस्थ रहने के लिए योग नियमित करने की प्रेरणा दी। समारोह में योग भी वोट भी कार्यक्रम के तहत मतदाता शपथ भी दिलवाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, पुजारी वर्ग सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक शामिल हुए।
पुलिस थाने में जवानों ने किया योग, फिट रहने का लिया संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में योग दिवस का विशेष आयोजन रखा गया। अलसुबह ही सीआई जितेंद्र कुमार स्वामी के साथ जवानों ने विभिन्न योग आसन का अभ्यास किया। स्वामी ने जवानों को मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग का महत्व बताते हुए नियमित योग करने की प्रेरणा दी। यहां योग प्रशिक्षक कांस्टेबल रविंद्र फौजी द्वारा विभिन्न आसन करवाते हुए उनके लाभों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एएसआई राजकुमार, हैड कांस्टेबल धमेंद्र, भगवानाराम, कांस्टेबल चंद्रपाल, विद्याधर फौजी, धापादेवी, आरएसी जाप्ता सहित अनेक जवान शामिल हुए।

पंतजलि योगपीठ के तत्वाधान में महिला शक्ति ने किया योग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंतजलि योगपीठ के तत्वाधान में हनुमान धोरा प्रांगण में महिला शक्ति ने योग आसन किए। योग समिति की श्रीडूंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष रचना प्रजापत ने विभिन्न योग आसन की जानकारी देते हुए योग को स्वस्थ मन व स्वस्थ तन के साथ आध्यात्मिक उन्नति में सहायक बताया। प्रजापत ने बताया कि समिति द्वारा 16 जून से 21 जून तक योग दिवस मनाया गया। समिति कोषाध्यक्ष रेणु व्यास ने नियमित योग करने व अपने परिवार को योग की प्रेरणा देने का आग्रह सभी महिलाओं से किया। यहां मोनिका सिखवाल, ममता मोदी सहित अनेक महिलाएं व युवतियां योग कार्यक्रम में शामिल हुई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड स्तरीय समारोह आयोजन में अतिथियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर में आयोजित हुआ योग समारोह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ में जवानों ने किए विभिन्न योग आसन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर के अंजनी माता मंदिर में योग प्रेमियों ने किया योगाभ्यास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास में स्थित नेचर पार्क में मोहल्ले वासियों ने किया सामूहिक योग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रभा योग सेंटर में अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर युवाओं ने किए योगासन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड स्तरीय आयोजन में शामिल हुए अनेक गणमान्य नागरिक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पतंजलि योग समिति की महिला शक्ति ने हनुमान धोरा प्रांगण में किया योग।