






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ में घूमचक्कर से पुस्तकालय एवं गांधी पार्क से हाईस्कूल तक बनी मुख्य सड़क पर पेंच वर्क, डिवाइडर के खड्डों में सीसी ब्लॉक, नालियों की मरम्मत, अवैध ब्रेकर हटाने आदि मांगों को लेकर आंदोलनरत टैक्सी चालकों ने शुक्रवार को नगरपालिका में खासा हंगामा किया। टैक्सी यूनियन के बैनर तले आठ दिन पहले भी टैक्सी चालकों ने एक दिवसीय हड़ताल कर नगरपालिका में ज्ञापन दिया था एवं ईओ ने सात दिनों में ये कार्य करवा देने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन इन सात दिनों में कोई कार्य नहीं हुआ तो गुरूवार को टैक्सी चालकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया था एवं शुक्रवार को टैक्सियों की हडताल कर नगरपालिका का घेराव कर दिया। टैक्सी चालकों के प्रदर्शन के दौरान मौके पर ईओ नहीं मिले व इससे आक्रोशित टैक्सी चालकों ने नगरपालिका पर ताला लगाने का प्रयास भी किया। इस पर पालिका कार्मिकों ने पुलिस एवं प्रशासन को सूचना भी दी। सूचना मिलने पर तहसीलदार राजवीर कड़वासरा एवं पुलिस जवान भी मौके पर पहुंचें एवं मामले को संभाला। इस दौरान टैक्सी चालकों के साथ प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा व अनेक कांग्रेसी भी नगरपालिका पहुंचें एवं टैक्सी चालकों की वाजिब मांगों की सुनवाई नहीं करने पर रोष जताया। इस दौरान ईओ कुंदन देथा, कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, विमल भाटी, मनोज पारख, माकपा नेता संदीप चौधरी, रामेश्वरलाल बाहेती, हरि सिखवाल भी मौके पर पहुंचें एवं टैक्सी चालकों की वाजिब मांगों को पूर्ण करने की बात पालिकाकर्मियों से कही एवं समझाईश की। लेकिन टैक्सी चालक तुरंत प्रभाव से कार्य शुरू करने की मांग पर अडे़ रहे व यूनियन एकता का नारा बुलंद किया। करीब 2.30 बजे पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा भी मौके पर पहुंचें इन कार्यों के संबध में वर्क आर्डर हो जाने की जानकारी देते हुए ठेकेदार को तुरंत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। तुरंत प्रभाव से कार्य शुरू होने के आदेशों के बाद टैक्सी चालकों ने नगरपालिका का घेराव छोड़ा एवं टैक्सियों का संचालन शुरू किया है।







