






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2025। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर शनिवार को मंडी बंद रहेगी और जिंसो की बोली नहीं होगी। मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू ने बताया कि आटा, दाल, तेल, मसाले, ड्राईफ्रूट्स, पशुआहार आदि पर लगाये गये यूजर चार्ज का पूरे प्रदेश में संघ द्वारा घोर विरोध किया जा रहा है और उसी के तहत प्रदेश भर में सभी 247 मंडिया रविवार तक बंद रहेगी। शुक्रवार को भी मंडी में बोली नहीं हुई है। मंडी सचिव लालचंद सिद्ध ने बताया कि गुरूवार को जयपुर में आयोजित बैठक में प्रदेश भर की मण्डियों के व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सिद्ध ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 अगस्त 2025 को राज्य सरकार द्वारा जारी किये गये अध्यादेश में मण्डियों में बिकने वाले आटा, मैदा, खाद्य तेल, मसाले, दाले, पशुआहार आदि पर 50 पैसे सैंकड़ा यूजर चार्ज लगाया गया है। यदि यह यूजर चार्ज रहता है तो मण्डियों से व्यापार शिफ्ट हो जायेगा। मण्डियां विशेषकर सैकण्डी मार्केट वीरान हो जायेंगे। व्यापारियों का व्यापार तो खत्म होने के साथ मुनीम, गुमास्ते, पल्लेदार, ठेला-ठेली वाले और ट्रांसपोर्ट वाले भी बेरोजगार हो जायेंगे। सरकार द्वारा तुरन्त प्रभाव से यूजर चार्ज समाप्त किया जाना चाहिये। मंडी के सभी व्यापारी कल विरोध स्वरूप ज्ञापन भी सौंपेगे।



