






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अप्रैल 2025। चार महीनों तक अपने खून पसीने से फसल को तैयार करने के बाद अब पकाव के समय उसी फसल को बर्बाद होते देखने की मजबूरी किसानों को किस कदर तकलीफ दे रही है, ये केवल किसान ही समझ सकता है। बुधवार एवं गुरूवार को बदले मौसम की कठोर मार क्षेत्र के किसान पर पड़ी है। अंचल में तेज आंधी से कटी फसल उजड़ जाने से, आग लग जाने, कटी फसल उड़ जाने से, इसबगोल और जीरा झड़ने से किसानों को खासा नुकसान हुआ है।
इसबगोल एवं जीरा में अधिक नुकसान, मैथी व गेंहू भी उड़ा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार शाम को और देर रात को दो बार तेज अंधड़ से क्षेत्रवासी खासे परेशान हुए धूल भरी आंधी से एक ओर घरों, दुकानों में मिट्टी की परत जम गई वहीं खेतों में फसलों को खासा नुकसान हुआ है। जिन खेतों में अभी इसबगोल एवं जीरा नहीं निकाला गया था वहां तो 60-70 प्रतिशत तक नुकसान हो गया है। गांव मिंगसरिया के किसान देवाराम गोदारा के खेत में कटी हुई मैथी की फसल पूरी तरह से उड़कर आस-पास के खेतों में पहुंच गई और लगभग पूरी फसल ही नष्ट हो गई है। इसी प्रकार यहां इसबगोल की फसल में भी नुकसान हुआ है। कटाई के सीजन में खेतों में जहां कटी हुई फसल पड़ी थी वहीं हर किसान को अंधड़ से नुकसान हुआ है। किसानों ने इस संबध में नुकसान का सर्वे करवा कर खराबे का मुआवजा देने की मांग भी की है।
शेरूणा में आग से जली चार बीघा गेंहू की पकी हुई फसल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को तेज आंधी के कारण फसल उड़ने से हुए नुकसान के साथ साथ क्षेत्र के गांव शेरूणा में किसान गोपालराम गोदारा के खेत में आग भी लग गई। आंधी से बिजली के ढीले तार टूट गए एवं उनसे निकली चिंगारियों के कारण गेंहू की पकी हुई फसल ने आग पकड़ गई। आग को बढ़ते देख किसानों ने ट्रेक्टर से फसल काट कर उस पर काबू पाया लेकिन तब तक करीब चार बीघा भूमि पर पकी हुई गेंहू की फसल पूरी तरह से जल कर खाख हो गई। पटवारी रामचंद्र ने बताया कि गुरूवार सुबह नुकसान का जायजा लिया जा रहा है एवं रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जा रही है।
फिर जारी हुआ अर्लट, फसलें समेटने की सलाह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जयपुर मौसम कैन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर भारत में जो वेस्टर्न डिर्स्टबेंस आया है वह काफी प्रभावशाली है एवं इस सिस्टम के कारण राज्य में कई जगहों पर तेज आंधी एवं हल्की बारिश की चेतावनी है। इस सिस्टम के कारण आज गुरूवार को बीकानेर सहित पांच जिलो में आंधी व बारिश का आरेंज अर्लट जारी किया गया है। शुक्रवार को बीकानेर सहित नौ जिलो में आंधी बारिश का ओरेंज अर्लट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त आधे से ज्यादा राजस्थान में येलो अर्लट भी जारी किया गया है। वहीं दूसरी और आंधी-बारिश के कारण तापमान में चार से पांच डिग्री की कमी आई है लेकिन फिर भी तापमान अप्रैल के औसत तापमान से अधिक ही चल रहा है। आज गुरूवार एवं कल शुक्रवार को जारी किए गए आंधी-बारिश के ओरेंज अर्लट के कारण किसानों को अपनी फसलें समेटने, कटी हुई फसलें खुले में नहीं छोड़ने की सलाह भी दी गई है।








