May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अप्रैल 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव बिग्गा का भानजा एवं रतनगढ़ निवासी 14 वर्षीय युवक विकास भार्गव गत 5 अप्रैल को अपने घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने तलाश शुरू कर दी एवं बिग्गा निवासी उसके ननीहाल पक्ष ने भी उसकी तलाश की शुरू की। पिछले चार दिनों से बच्चा ट्रेनों में इधर उधर भटक रहा था एवं अन्य यात्रियों से फोन लेकर अपने परिजनों को भी अलग अलग स्थानों से फोन कर रहा था। परिजन तलाश में रेलवे स्टेशन पहुंचते उससे पूर्व ही बच्चा पुन: ट्रेन में बैठ कर कहीं और निकल जाता। ऐसे में परिजनों ने श्रीडूंगरगढ़ के गांव गुंसाईसर बड़ा निवासी एवं रेलवे ट्रेड युनीयन के लीड़र सीताराम गोदारा से सम्पर्क किया एवं बच्चे की जानकारी दी। इसी दौरान बुधवार को बच्चे ने दिल्ली के सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से अपने परिजनों को फोन किया तो परिजनों ने तुरंत जानकारी सीताराम गोदारा को दी। इस पर सीताराम गोदारा ने अपने साथ पढ़े एवं धोलिया के सहीराम गोदारा तो वर्तमान में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में दिल्ली में ही तैनात है। उन्हें फोन कर जानकारी दी। सहीराम गोदारा उस समय ट्रेन डयूटी में थे लेकिन उन्होनें तत्परता दिखाते हुए सराय रोहिल्ला स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के अपने साथी जवानों को सूचना दी एवं स्टेशन के 13 नम्बर प्लेटफार्म पर बच्चे को ढूंढ कर बैठा लिया गया। बच्चे को वीडियो कॉल करवा कर अपने परिजनों से निश्चित करवा लिया गया एवं रात भर एक एनजीओ के माध्यम से बच्चे का रख-रखाव किया गया। आज सुबह परिजन दिल्ली पहुंचें एवं आरपीएफ जवानों का आभार जताते हुए बच्चे को लेकर गांव के लिए रवाना हो गए है। परिजनों ने रेलवे कार्मिक सीताराम गोदारा एवं आरपीएफ जवान सहीराम गोदारा का आभार जताया है। सहीराम गोदारा ने बताया कि बच्चा पढ़ाई के दबाव में घर से निकला था एवं पुन: घर नहीं जाने के लिए बार बार अलग अलग अपने नाम पते बदल कर बता रहा था।