






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवम्बर 2022। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव मोमासर की निवासी एक विधवा महिला ने अपने जेठूते पर लज्जा भंग करने, सास व जेठों पर दहेज प्रताड़ना देने का आरोप लगाते हुए हाजिर थाना होकर मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह पांच साल पहले राजूराम जाट के साथ हुआ था एवं तभी से उसकी सास रामप्यारी देवी, जेठ बीरबल, भागूराम व जेठूता हरीराम उसे कम दहेज लाने की बात कहते हुए तंग परेशान करने लगे। उसके दो पुत्रियां हुई तो प्रताड़ना बढ़ गई एवं इस दौरान उसके पति की मृत्यु हो गई। पीड़िता अपनी दोनों पुत्रियों के साथ परिवार से अलग खेत में रहने लगी एवं गत 27 अक्टूबर को उसका जेठूता उसके खेत में आकर फसल में से हिस्सा पांती की बात पर उसे अश्लील गालियां देते हुए उसके साथ थाप मुक्कों से मारपीट की व लज्जा भंग की। इस दौरान अन्य आरोपी भी वहां आ गए एवं उसके साथ मारपीट करने लगे एवं पीड़िता को उसका हिस्सा पांति देने से मुकर गए। पीड़िता ने अपना स्त्री धन एवं हिस्सा पांति दिलवाने की गुहार पुलिस से लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच एसआई बलवीर करेगें।




