May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जुलाई 2020। स्टे होम स्टे हेल्दी का फॉर्मूला फिलहाल इस दौर में बहुत कारगर साबित हो रहा है बशर्ते आप इसमें किसी तरह की ढिलाई न करें तो। जी हां, जहां कुछ लोग जिम बंद हो जाने की वजह से परेशान हैं उन्हें लग रहा है कि उनकी स्टेमिना धीरे-धीरे खत्म हो रही है तो वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कोरोना से लड़कर रिकवर होने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों ही सूरत में आपको फिजिकली फिट रहने की बेहद जरूरत है। तो आप हम जानेंगे फिजिकली फिट रहने और स्टेमिना बढ़ाने के लिए किन चीज़ों को बनाएं अपने डेली रूटीन का हिस्सा।

सही टाइम पर खाएं

आपको पता है अच्छी सेहत का राज सिर्फ हेल्दी खानपान से ही नहीं जुड़ा है बल्कि सही टाइम भी इसमें बहुत ही अहम होता है। तो ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक का एक टाइम बनाएं और उसे फॉलो करने की कोशिश करें। एक ही टाइम पर खाने से बॉडी में किसी तरह की कमजोरी महसूस नहीं होती।

पिएं भरपूर मात्रा में पानी

गर्मियों मे बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा लिक्विड्स लें। पानी के अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, आइस टी, जलजीरा, आम पना जैसे ड्रिंक्स शामिल करें। लेकिन ध्यान रखें इनमें शुगर की मात्रा न हो। गर्मियों में मिलने वाला बेल शर्बत और सत्तू ड्रिंक भी है बेहतरीन ऑप्शन। चाय और कॉफी का भी सेवन कम से कम करें।

न्यूट्रिशन से भरपूर चीज़ों को दें जगह

एक बात तो माननी पड़ेगी इस दौर ने हमें यह सिखा दिया कि बाहर के खाने के बिना भी गुजारा मुमकिन है। वरना तो पिज्जा, बर्गर ने आदत बिगाड़ रखा था। बेशक घर के काम से कई बार मुक्ति मिल जाती थी लेकिन कहीं न कहीं हम अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। तो अभी जितना हो सके न्यूट्रिशन से भरपूर चीज़ें खाएं। फर्मेंटेंड फूड में गुड बैक्टीरिया होते हैं जो आपके पेट को रखते हैं हेल्दी।

नट्स और बीजों को करें डाइट में शामिल

कई लोगों को मानना होता है कि ड्रायफ्रूट्स को गर्मियों में खाना अवॉयड करना चाहिए क्योंकि इनकी तासीर गर्म होती है तो आप इन्हें पानी में भिगोकर लेकिन खाएं जरूर, क्योंकि इनके जरिए बॉडी के लिए जरुरी कई सारे न्यूट्रिशन की पूर्ति होती है। चाहें तो इन्हें अपने समर ड्रिंक्स में भी कर सकते हैं शामिल। रोजाना 15-20 बादाम खाकर आप रह सकते हैं चुस्त-दुरूस्त। नट्स में हेल्दी फैट्स, फाइबर, प्रोटीन और सबसे जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो फ्री रेडिकल्स की प्रॉब्लम्स को रखते है दूर। इसके साथ ही ये इम्यूनिटी को भी करते हैं बूस्ट।

एक्सरसाइज जरूर करें

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचे रहने के लिए खुद को फिट रखना इस समय सबसे जरूरी है। जिसके लिए हेल्दी खानपान जितना ही जरूरी है एक्सरसाइज और योग। और अगर आप घर से काम कर रहे हैं तो आपके पास अपने काम के साथ एक्सरसाइज को मैनेज करने का पूरा-पूरा टाइम है। शुरूआत में बहुत टफ एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं क्योंकि बॉडी थक जाती है और अगले दिन खुद को रेडी कर पाना मुश्किल होता है।